अलग धर्म बना बाधा, बिना शादी के हो गया बच्चा

punjabkesari.in Sunday, Apr 01, 2018 - 10:02 AM (IST)

फिरोजपुर (मनदीप, कुमार): एक तरफ 21वीं सदी में प्रवेश करके हमारा देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ता हुआ विश्व की सुपर पावर बनता जा रहा है और दूसरी तरफ मजहब व जात-पात के पैदा हुए मतभेद हमें पीछे खींचते जा रहे हैं। मजहब को लेकर ऐसा ही एक दिलचस्प मामला सामने आया है, जिसमें एक बंगाली मुसलमान प्रवासी लड़के और एक प्रवासी हिन्दू लड़की के बीच प्यार हो गया।

शादी से पहले लड़की ने बच्चे को भी जन्म दे दिया, मगर समाज और परिवार के विरोध के कारण इनकी आपस में शादी नहीं हो सकी और नवजन्मे बच्चे का भविष्य दाव पर लग गया है। यह मामला एक समाज सेवा संस्था की तरफ से सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के ध्यान में लाया गया, जिस कारण इस मामले का फैसला होने तक उक्त नवजात बच्चा प्रवासी मुस्लिम लड़के के पारिवारिक सदस्यों को दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 7 साल पहले एक बंगाली प्रवासी मुसलमान लड़के और प्रवासी हिन्दू लड़की में प्यार हो गया था और मजहब अलग-अलग होने के कारण इन दोनों की शादी नहीं हो सकी और 4 दिन पहले लड़की ने फिरोजपुर में एक बच्चे को जन्म दे दिया और लड़की बच्चे को जन्म देकर डर के कारण अपने परिवार के पास चली गई और उसने बच्चे को लड़के के भाई और बहन के घर में छोड़ दिया। लड़का भी धर्म के ठेकेदारों से डरता दिल्ली चला गया। इस सारी घटना का फिरोजपुर की सामाजिक संस्था आसरा के पदाधिकारियों को जब पता चला तो उन्होंने यह मामला जिला फिरोजपुर के सिविल व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के सामने रखा और जिला रैड क्रॉस सोसायटी फिरोजपुर की तरफ से बच्चे का चैकअप करवाकर बच्चा लड़के के पारिवारिक सदस्यों को सौंप दिया गया।   

Anjna