जालंधर में बाढ़ जैसे हालात, प्रशासन ने खड़े किए हाथ, सेना से मदद मांगी

punjabkesari.in Monday, Aug 19, 2019 - 09:34 AM (IST)

जालंधरः पंजाब में लगातार हो रही बारिश की वजह से रविवार को कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। इसके मद्देनजर दोनों राज्य के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है।  प्रशासन ने  जिले में बाढ़ के हालात को देखते हुए हाथ खड़े कर दिए हैं और सेना से मदद की मांग की है। दरअसल पंजाब के रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब और पठानकोट जैसे इलाकों में भी बाढ़ जैसे हालात हैं। रूपनगर में पटरियों पर पानी भरने की वजह से कुछ रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है।

प्रशासन ने इलाके के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। रूपनगर से दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के मद्देनजर जालंधर के उपायुक्त विरेंदर सिंह शर्मा ने फिल्लौर, नकोदर और शाहकोट के एसडीएम को 81 गांवों को खाली कराने का आदेश दिया है।

जालंधर जिला प्रशासन ने भाखड़ा बांध से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर सतलुज नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। फिरोजपुर में भी बाढ़ के कारण 20 गांवों को खाली कराने का आदेश दिया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मौसम विभाग की ओर से और बारिश की संभावना जताए जाने के बाद सभी जिला उपायुक्तों को हालात पर करीब से नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

 

Yaspal