Gurdaspur में Flood का खतरा! धुस्सी बांध तक पहुंचा पानी, ग्रामीणों में दहशत

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 04:27 PM (IST)

गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर जिले में पिछले कई घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण सीमावर्ती इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। भारी बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से कई एकड़ धान और गन्ने की फसल पानी में डूब गई है। किसानों को अब फसल खराब होने का डर सता रहा है।

जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश से सीमावर्ती इलाकों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित आखिरी गांव 'आडिया' के पास पानी 'धुस्सी बांध' तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों में घबराहट का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही और जलस्तर और बढ़ा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

किसानों ने बताया कि कई जगहों पर धान और गन्ने की फसलों के बीच काफी पानी जमा हो गया है। लगातार जलभराव के कारण फसल खराब होने का डर है। किसानों का कहना है कि उन्होंने पूरे सीजन फसलों पर कड़ी मेहनत की और पैसा खर्च किया, लेकिन अब प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी उम्मीदें टूटती दिख रही हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीमावर्ती गांवों में पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जहां पानी की निकासी की जरूरत हो, वहां तुरंत इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि धुस्सी बांध के पास पानी बढ़ने से किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पहले से तैयार रहना चाहिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal