बाढ़ का पानी तो उतरा पर पीछे छोड़ गया तबाही, बेबसी भरी तस्वीरें आई सामने

punjabkesari.in Tuesday, Sep 23, 2025 - 11:04 AM (IST)

फाजिल्का (कृष्ण) : फाजिल्का के सीमावर्ती क्षेत्र में सतलुज नदी के कारण आई बाढ़ का पानी भले ही अब कम हो गया है लेकिन अपने पीछे तबाही की एक ऐसी दर्दनाक दास्तां छोड़ गया है जिससे पीड़ित लोग अभी भी उभर नहीं पाए हैं। बाकी सीमावर्ती गांवों के साथ-साथ ग्राम पंचायत ढाणी सद्दा सिंह के पास बसी ढाणियों में भी हालात बेहद गंभीर हैं, जहां लोगों के घर अब रहने लायक नहीं रहे और वे सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं।

flood punjab

बाढ़ ने ढाणी मक्खन सिंह और ढाणी कश्मीर सिंह में भारी नुकसान पहुंचाया है। पीड़ित परिवारों ने बताया कि उनके घरों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया था। ढाणी मक्खन सिंह के निवासी शाम सिंह और नानको बाई ने भरे मन से बताया कि करीब एक महीने पहले उन्हें अपना घर-बार और सारा सामान छोड़कर गांव नया हस्ता में रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ी थी।

एक महीने बाद जब वे नाव के जरिए वापस लौटे तो उनके घरों का मंजर दिल दहला देने वाला था। कमरों में मिट्टी के ढेर लगे हुए थे, चारपाई, अलमारियां और संदूकों में पड़ा कीमती सामान पानी और मिट्टी के कारण खराब हो चुका था। हालात इतने खराब हैं कि अब उनके घरों में सांपों और अन्य जहरीले जीवों ने डेरा डाल लिया है, जिसके कारण वे बचे-खुचे सामान को नावों के जरिए सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए मजबूर हैं।

flood punjab

इसी तरह ढाणी कश्मीर सिंह के पंचायत सदस्य कुलवंत सिंह और गुरप्रताप सिंह ने बताया कि उनके घरों को न सिर्फ पानी ने नुकसान पहुंचाया, बल्कि अब दीवारों में दरारें आ गई हैं और दो से अढ़ाई फीट मिट्टी जम गई थी। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने घरों से मिट्टी निकालने के लिए 5 दिनों तक भारी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन प्रशासन की ओर से हमारी कोई सुध नहीं ली गई।

flood water

सरकार से मुआवजे की मांग

दोनों ढाणियों के पीड़ितों का कहना है कि उन तक जरूरी मदद नहीं पहुंच रही है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि उनकी हालत पर तरस खाया जाए और उनके हुए भारी नुकसान का तुरंत और उचित मुआवजा दिया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News