CM मान को चन्नी का जवाब, बोले- "24 घंटे फोन खुला, जब चाहे मर्जी कर लें Call"

punjabkesari.in Wednesday, Sep 28, 2022 - 01:36 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विदेश से सख्त जवाब दिया है।  एक निजी चैनल से बातचीत में चन्नी ने कहा कि अपने कार्यकाल दौरान मैंने पंजाब के लोगों के  लिए 150 से अधिक फाइलों पर हस्ताक्षर किए। अब पता नहीं मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान किस फाइल की बात कर रहे हैं। मैं अपना फोन कभी बंद नहीं करता, हमेशा खुला रखता हूं। अभी तक सरकार के किसी भी अधिकारी ने मेरे से संपर्क नहीं किया। 24 घंटे आप मुझे संपर्क कर सकते हैं मैं हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हूं।

क्या कहा था सी.एम. मान ने
बता दें कि भगवंत मान ने विश्वास प्रस्ताव पर अपनी बात रखते हुए  कहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से कई फाइलों के बारे में पूछताछ व सलाह करनी है लेकिन वह कहां हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि चुनाव के बाद चरणजीत सिंह चन्नी कहां चले गए। क्या सत्ता ट्रांसफर के लिए भी चन्नी नहीं मिल सकते। यह पाकिस्तान नहीं है क्योंकि पाकिस्तान में ही यह होता है कि जब सत्ता गई तो या तो भाग जाओ या फिर फांसी।  भगवंत मान ने कहा कि वह कांग्रेसियों से पूछना चाहते हैं कि उनका मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कहां है। कोई कहता है कि अमरीका में है तो कोई कहता है कनाडा में। क्या वह इसलिए मुख्यमंत्री बने थे कि 120 दिन के लिए मुख्यमंत्री बनेंगे और उसके बाद भाग जाएंगे। इसका मतलब यह है कि कांग्रेसी उतने दिन ही ईमानदार हैं, जितना समय मौका नहीं मिलता है। इससे पहले अमरीका का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव के अढ़ाई महीने बाद नया राष्ट्रपति सौगंध लेता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अढ़ाई महीने में सत्ता ट्रांसफर होती है।

नए सिस्टम को फाइलें समझने में समय लगता है ताकि जब नया राष्ट्रपति शपथ ले तो सभी फाइलें विवाद मुक्त हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सत्ता आने पर उन्होंने 16 मार्च को शपथ ली। उनके पास भी कई तरह की फाइलें आई हैं, जो विवादित हैं। सत्ता के आखिरी दिनों में फैसले किए गए हैं। कई पोस्ट डेटिड फैसले हैं, कई प्री-डेटिड फैसले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भी पिछले मुख्यमंत्री खासतौर पर चरणजीत सिंह चन्नी से कुछ फाइलों के बारे में पूछना चाहते हैं लेकिन वह ढूंढे नहीं मिल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह साढ़े चार साल मुख्यमंत्री रहे लेकिन अब भाजपा में चले गए। उनका मन अचानक नहीं बदला होगा, साढ़े चार साल भी उनका मन उधर में ही था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन के मुगल गार्डन में अलग-अलग रंगों के फूल लगे हुए हैं, जिन्हें देखने के लिए लोग देश-विदेश से आते हैं। अगर गार्डन में एक ही रंग के फूल हों तो शायद लोग उन्हें ज्यादा पसंद नहीं करेंगे। इसी तरह से लोकतंत्र में विभिन्न पार्टियों का रहना एक अच्छी परम्परा है। उन्होंने कहा कि भाजपा न जाने क्यों पूरे देश में हर राज्य में अपनी ही सरकार चाहती है। 

Content Writer

Vatika