घर में सोए बुजुर्ग पर लाठियों से चार बदमाशों ने किया हमला, दस हजार भी लूटे

punjabkesari.in Thursday, Aug 30, 2018 - 05:37 PM (IST)

नवाशहर(मनोरंजन): बीती रात शहर के नई आबादी इलाके में घर में अकेले रहते एक बुजुर्ग पर चार अज्ञात लुटेरों ने लाठियों से हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। लुटेरे जाते समय बुजुर्ग की जेब से करीब दस हजार रुपए की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। गंभीर रुप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नवांशहर में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरु कर दी है।

मोहल्ला नई आबादी निवासी गीता रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घरेलू कामकाज करती है। वह अपने चार बच्चों के साथ घर में रहती है,जबकि उसके पति की मौत हो चुकी है। घर के सामने ही उसका ससुर अपने घर में अकेले रहते हैं। उनको खाना सुबह शाम मैं ही देती हूं। वीरवार सुबह साढ़े 6 बजे जब वह अपने ससुर राम चंद (70) के घर गई तो उनके सिर पर खून बह रहा था।

गीता रानी ने बताया कि उनके ससुर राम चंद ने बताया कि रात दो बजे के करीब वह बाथरुम जाने के लिए उठे थे। बाथरुम जाने के बाद जब वह अपने कमरे में आए तो कमरे में लाठियों से लैस चार नौजवान खड़े थे। जिन्होंने कमरे में आते ही मेरे मुंह में रुमाल डाल कर लाठी से सिर पर प्रहार करना शुरु कर दिया। जिसके चलते वह फर्श पर गिर गए। सुबह  उन्हें जब होश आया तो देखा वह खून से लथपथ थे।

राम चंद ने बताया कि चारों लुटेरे उनकी पहनी हुई कुर्ती से करीब दस हजार रुपए की नकदी ले गए हैं। गीता रानी ने परिवार की मदद से अपने ससुर राम चंद को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नवांशहर में भर्ती करवाया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी के एसएचओ शहिबाज सिंह, एसएचओ सदर राज कुमार, डीएसपी सिटी मुख्तियार राय पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच कर तफ्तीश शुरू कर दी । 

 

Des raj