"Hello! मैं तुहाडा रिश्तेदार बोलदां...Punjab में शख्स को आई Call ने उड़ा दिए होश"

punjabkesari.in Monday, Feb 13, 2023 - 12:16 PM (IST)

लुधियाना (राज): कई तरह के हथकंडे अपनाकर साइबर ठगों ने शहर के एक बुजुर्ग से ठगी मारकर 7 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित हरनेक सिंह की शिकायत पर थाना डिवीजन नं. 8 की पुलिस ने होशियारपुर के मोहल्ला वाल्मीकि नगर की प्रिया, होशियारपुर नई आबादी के नितिन कुमार और ग्यासपुरा के राज नारायण के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

पुलिस को दी शिकायत में हरनेक सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले आरोपियों ने उन्हें वहाट्सएप कॉल की और कहा कि वह विदेश में रहने वाला उसका पोता पुनीत बोल रहा है। उसका किसी के साथ झगड़ा हो गया है। उसके खाते में 2 लाख रुपए ट्रांसफर करवा दें ताकि वह पुलिस कार्रवाई से बच सके। हरनेक सिंह ने पोते को बचाने के लिए 2 लाख रुपए आरोपियों के बताए हुए खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद फिर से फोन आया कि पुनीत का जिससे झगड़ा हुआ था, उक्त व्यक्ति की मौत हो गई है। उसे बचाने के लिए 8 लाख रुपए की जरूरत है।

आरोपियों ने फिर एक खाता नंबर दिया और पैसे उसमें ट्रांसफर करने की बात की। इसी दौरान हरनेक सिंह ने उक्त खाते में 5 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जिस नंबर से कॉल आई थी, उसे आरोपियों ने बंद कर दिया जिसके बाद हरनेक सिंह ने अपने पोते से बात की तो पता चला कि उसका न तो कोई झगड़ा हुआ है और न ही किसी से कोई बात हुई है। इस पर हरनेक सिंह को समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है। हरनेक सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर के पास की। जांच में सामने आया कि उक्त आरोपियों ने ठगी की थी जिसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News