सिपाही ने ASI के जी.पी.एफ. खाते से धोखे से निकलवाए 10 लाख रुपए

punjabkesari.in Tuesday, Nov 05, 2019 - 09:24 AM (IST)

जालंधर(कमलेश): बारादरी पुलिस ने धोखाधड़ी के इरादे से ए.एस.आई. के जी.पी.एफ. खाते से 10 लाख रुपए निकालने के मामले में जी.पी.एफ. में तैनात सिपाही और उसके भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ए.एस.आई. बलविन्द्र सिंह ने एस.एस.पी. जालंधर रूरल को उसके जी.पी.एफ. खाते से धोखाधड़ी से 10 लाख रुपए निकलवाए जाने संबंधी शिकायत दी थी। उक्त शिकायत को एस.पी. हैडक्वार्टर को मार्क किया गया था। जांच में पता लगा कि सिपाही तरलोक सिंह जो जी.पी.एफ. शाखा में ही तैनात है, ने ए.एस.आई. बलविन्द्र सिंह के जी.पी.एफ. खाते से धोखे से 10 लाख रुपए निकलवाए हैं।

धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए तरलोक सिंह ने बलविन्द्र सिंह के बेटे की शादी का नकली कार्ड तैयार किया था और उसमें बलविन्द्र और उसकी पत्नी का नाम भी गलत लिखा गया था। कुछ समय पहले बलविन्द्र ने अपने जी.पी.एफ. खाते से पैसे निकलवाने के लिए एक अर्जी दी थी और 10 लाख निकलवाने के लिए तरलोक सिंह ने उसी अर्जी का इस्तेमाल किया और तारीख बदलने के लिए फ्लूड का भी इस्तेमाल किया गया। 10 लाख निकलवाने के बाद तरलोक सिंह ने अपनी रिश्तेदारी के मामा बलविन्द्र सिंह और मामी रेनू बाला के ज्वाइंट अकाऊंट में डाल दिए और बाद में उन्हें फोन कर कहा कि उनके खाते में गलती से पैसे डाल दिए गए हैं। बाद में चैक और ए.टी.एम. के जरिए उनसे पैसे ले लिए गए। तरलोक ने उसके बाद पैसे अपने भाई तरलोचन सिंह के खाते में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी तरलोक सिंह के मामा को भी जांच में शामिल होने के लिए कहा था लेकिन वह दोहा-कतर जा चुका था।


पीड़ित ए.एस.आई. बलविन्द्र सिंह को जैसे ही पता चला कि उसके खाते से 10 लाख रुपए निकलवाए गए हैं तो उसने सिपाही तरलोक सिंह को फोन किया, जिस पर तरलोक ने कहा कि उसी ने नकली दस्तावेज लगाकर उसके खाते से पैसे निकलवाए हैं व कुछ समय बाद वह पैसे वापस कर देगा। फंसने के डर से तरलोक ने बलविन्द्र के सैलरी अकाऊंट में पैसे ट्रांसफर कर दिए थे। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी सिपाही तरलोक सिंह पुत्र गुरमेल सिंह व उसके भाई तरलोचन सिंह निवासी गांव टेकरियाना थाना दसूहा के खिलाफ धारा 420, 167, 465, 467, 468, 471 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि केस की गहराई से जांच की जा रही है अगर किसी अन्य आरोपी का नाम सामने आता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

swetha