सुनार को दुखड़ा सुना महिला ने उलझा लिया बातों में और फिर कर दिया कांड

punjabkesari.in Thursday, Oct 25, 2018 - 08:40 AM (IST)

लुधियाना (महेश): हैबोवाल इलाके में अप टू डेट नौसरबाज एक स्वर्णकार को 1.10 लाख रुपए का चूना लगा गए। नौसरबाजों में एक महिला भी थी। यह चूना तांबे के कंगनों पर सोने की परत चढ़ाकर लगाया। स्वर्णकार को जब मामले की असलियत का पता चला तो बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जोशी नगर इलाके के रहने वाले स्वर्णकार हुमेश कुमार की हैबोवाल मैन रोड पर यूको बैंक के पास शॉप है। शाम करीब 4.30 बजे उसकी दुकान पर अप टू डेट एक सरदार व मौना आए। उनके साथ अच्छे खानदान की दिखने वाली एक महिला भी थी। महिला ने गोद में एक बच्चे को उठा रखा था। 

महिला ने आते ही स्वर्णकार के सामने अपना दुखड़ा रोना शुरू कर दिया कि उसने अप्रेशन करवाना है। उसकी दूसरी शादी हुई है। पहले पति उसे नशा करके बहुत बुरी तरह से पीटता था, जिसके चलते उसके पेट में इंफैक्शन हो गई है। उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है। उसके पास बेचने के लिए सोने के कंगनों की एक जोड़ी है। 

उन्होंने उसे बातों में उलझा लिया। बाद में नौसरबाज कंगनों को गिरवी रखने की बात कहकर उससे 1.10 लाख रुपए की नकदी ले गए। अपने साथ हुई ठगी का उसे आधे घंटे के बाद पता चला जब उसका कारीगर आया और उसने कंगन जांचने को उसे दिए, जिसने उसे बताया कि तांबे के कंगनों पर एक तोले सोने की पर्त चढ़ाई गई है, जबकि शेष 5 तोला तांबा है। हुमेश ने बताया कि नौसरबाज महिला अपने साथ सिख युवक को अपना भाई और मौने युवक का अपना पति बता रही थी। उनके हाथ में कार की चाबी भी थी, जो शायद वह शॉप से परे खड़ी करके आए थे।  

swetha