लुधियाना में महिला डॉक्टर से लाखों की ठगी, पूरा मामला कर देगा दंग
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 10:57 AM (IST)
लुधियाना (राज): सोना-चांदी के कारोबार में भारी मुनाफा कमाने का सब्जबाग दिखाकर एक व्यक्ति ने महिला डॉक्टर से 75 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित को भरोसे में लेकर 40 लाख रुपये नकद व बैंक खातों के जरिए और 35 लाख रुपये मूल्य का शुद्ध सोना हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी न तो मुनाफे की रकम दे सका और न ही मूल राशि व सोना वापस लौटाया। पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा करवाई गई गहन जांच के बाद संबंधित थाना डिविजन नंबर 8 की पुलिस ने आरोपी वरुण वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का आपराधिक केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता डॉक्टर मिली रूपिंदर कौर ने बताया कि आरोपी ने पहले उसके साथ मेलजोल बढ़ाया और खुद को सोने-चांदी के बड़े व्यापार से जुड़ा बताकर विश्वास हासिल किया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को झांसा दिया कि यदि वह सोने और चांदी के कारोबार में पूंजी लगाएगा, तो उसे बहुत कम समय में भारी मुनाफा मिलेगा। आरोपी के मीठे झांसे और वादों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 40,00,000/- रुपये (चालीस लाख रुपये) नकद और बैंक खातों के माध्यम से आरोपी को सौंप दिए। इसके अलावा, आरोपी ने सोने के प्रत्यक्ष व्यापार के नाम पर पीड़ित से 35,00,000/- रुपये (पैंतीस लाख रुपये) मूल्य का सोना भी हासिल कर लिया। इस तरह आरोपी ने सुनियोजित साजिश के तहत पीड़ित से कुल 75 लाख रुपये की भारी-भरकम संपत्ति और रकम हड़प ली।
जब काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने न तो कोई मुनाफा दिया और न ही निवेश का कोई वैध हिसाब-किताब दिखाया, तो पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।पीड़ित द्वारा जब अपनी 40 लाख रुपये की नकदी और 35 लाख रुपये का सोना वापस मांगा गया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः साफ मुकर गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा बैंक लेन-देन और गवाहों के बयानों की गहन पड़ताल की गई, जिसमें ठगी के आरोप पूरी तरह सही पाए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर ठगी गई नकदी व सोने की रिकवरी की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

