UK भेजने का झांसा देकर पहले भेज दिया दुबई फिर USA भेजने के नाम पर ठगे लाखों, मामला दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Apr 21, 2024 - 02:36 PM (IST)

जालंधर : जालंधर के युवक को यू.के और फिर यू.एस.ए. भेजने के नाम पर नोएडा के एजैंट ने 23 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने युवक को वर्क परमिट पर भेजने का झांसा दिया था लेकिन दुबई में एक हफ्ता रख कर वह युवक को वापिस भारत में ले आया और फिर लारे लगाने के बाद धमकियां देने पर उतर गया। थाना नई बारादरी में नोएडा के गौतम बुध नगर स्थित बी.एस.वी. प्राइवेट लि. के मालिक एजैंट मनोज कुमार निवासी टैगोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में राजनबीर सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासी क्वार्टर नंबर 7 नई बारादरी ने बताया कि 12वीं के बाद वह विदेश सैटल होना चाहता था। उसके जानकार ने मनोज नाम के एजैंट से मुलाकात करवाई। मनोज से उन्होंने यूके में वर्क परमिट पर भेजने की बात की थी, जिसने दावा किया कि वह उन्हें 22 लाख रुपए में यू.के. भेज देगा। जून 2023 को उन्होंने 13 लाख रुपए मनोज को दे दिए। अगले ही माह मनोज उन्हें दुबई ले गया जहां से उन्होंने यू.के. जाना था। राजनबीर सिंह अपने साथ करीब 4 लाख रुपए के डालर भी साथ ले गया था। एक सप्ताह वहां रुकवाने के बाद मनोज ने किसी जरूरी काम से वापस भारत जाने की बात कही तो वह भी उसी के साथ लौट आया।

मनोज ने वापस आकर उन्हें लारे लगाने शुरू कर दिए और पैसे भी नहीं लौटाए। इतनी रकम फंसी होने के कारण वह भी मनोज की बातों पर विश्वास करने के लिए मजबूर थे। इसी दौरान मनोज कहने लगा कि यू.के. के वीजा लगने बंद हो गए है और वह यू.एस.ए. का वर्क परमिट लगवा सकता है जिसके लिए 35 लाख रुपए का खर्चा आएगा। 

राजनबीर ने अपने परिजनों से बात की तो वह मान गए। पीड़ित परिवार ने मनोज को 17.89 लाख रुपए दे दिए लेकिन पैसे देने के बावजूद उसने फाइल तक नहीं लगाई। जब उन्हें पता लगा तो कुल 23 लाख रुपए फंसने पर उन्होंने मनोज से बात की, लेकिन वह जान से मारने की धमकियां देने लगा। इस संबंधी पीड़ित परिवार ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को शिकायत दी जिसके बाद थाना नई बारादरी में आरोपी एजैंट मनोज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

News Editor

Kalash