खन्नाः फैक्ट्री के सौदे में मारी 29 लाख की ठग्गी

punjabkesari.in Friday, Jan 18, 2019 - 10:06 PM (IST)

खन्ना (सुनील): पुलिस ने अभिषेक बांसल पुत्र विजय कुमार निवासी मकान नंबर 196 सेक्टर 3स, मंडी गोबिंदगढ़ की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बलविंदर सिंह लालका पुत्र खजान सिंह निवासी गांव पांगलियां तहसील साहनेवाल जिला लुधियाना और केवल सिंह पुत्र लेट राम सिंह निवासी मकान नंबर 11बी, प्रीत नगर खन्ना के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420, 120बी के तहत मामला दर्ज करते हुए कथित आरोपियों के खिलाफ अगली कार्रवाई आरंभ कर दी थी। 

शिकायतकर्ता के अनुसार वह लालजी स्टील कारपोरेशन अमलोह रोड नजदीक भांबरी मिल मंडी गोबिंदगढ़ के मालिक हैं। कथित आरोपी केवल सिंह की एक फैक्ट्री बूलेपुर में है जिसकी सारी मशीनरी तथा मिल का सामान का सौदा उसके साथ 1 करोड़ 37 लाख में 31 अगस्त 2018 को किया गया था। 1 लाख रुपए केवल सिंह को एडवांस दिए गए थे। 25 लाख के 2 चैक दिए गए थे। बाकी की रहती रकम फैक्ट्री में से सामान आदि सेल होने पर दी जानी थी। यह सौदा कथित आरोपी बलविंदर सिंह के माध्यम से किया गया था। इसमें साधू सिंह पुत्र बंत सिंह निवासी मंडी गोबिंदगढ़ गवाह है। शिकायतकर्ता जब बूलेपुर में फैक्ट्री में गया तो उसे अंदर नहीं जाने दिया गया। बाकी की रहती रकम उससे मांगी गई। बाद में उसे पता चला कि कथित आरोपी केवल सिंह ने सौदा करने से पहले ही अपनी फैक्ट्री किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी। 

इस संबंधी जब केवल सिंह से बातचीत की गई तो वह गाली गलौच पर उतर आया। जान से मारने की धमकियां दी गईं। जिस कारण शिकायतकर्ता ने एक केस माननीय राहुल गर्ग की अदालत में लगाया। जिसमें स्टे ली गई। केवल सिंह को स्टे की कापी भी भेजी गई। इसके बावजूद फैक्ट्री का बाकी सामान भी बेच दिया गया। कुल मिलाकर कथित आरोपी केवल सिंह ने अभिषेक बांसल से 26 लाख की ठग्गी मारी तथा बलविंदर सिंह ने बतौर कमिशन 3 लाख रुपए लिए। कुल 29 लाख रुपए की ठग्गी अभिषेक के साथ मारी गई। इस पर पुलिस ने अभिषेक बांसल की शिकायत पर कथित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए केवल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। 

क्या कहना है आईओ का
इस संबंध में जब केस से संबंधित आईओ से बातचीत की गई तो उन्होंने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कथित आरोपियों में से केवल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे को भी जल्द काबू कर लिया जाएगा।

Mohit