घर में नौकरानी रखने वाले सावधान, लुधियाना में मालकिन को लगा 50 हजार रुपए का चूना
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 09:18 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में घरों में काम करने वाले नौकरों और कामवालियों द्वारा मालिकों का भरोसा कत्ल करके चोरी करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है, जहां एक घर में साफ-सफाई और काम के लिए रखी गई 'निशा' नाम की लड़की अपनी ही मालकिन को चूना लगाकर रफूचक्कर हो गई।
शातिर नौकरानी ने मालकिन के सोते समय अलमारी से 50 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गई। थाना सराभा नगर को पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी लड़की की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस शिकायत में डॉक्टर हरमिंदर प्रभाकर ने बताया कि बीते 2 जुलाई को वह अपने घर में मौजूद थी और दोपहर के समय सो रही थी। इसी दौरान जब उसका बेटा गौतम काम से वापस घर आया, तो घर का दरवाजा खुलने पर उस की आँख खुल गई। आँख खुलते ही महिला ने घर के काम के लिए रखी नौकरानी निशा को किसी काम के लिए आवाज मारी।
लेकिन काफी देर तक आवाजें लगाने के बाद भी दूसरी तरफ से निशा की कोई आवाज नहीं आई। नौकरानी की तरफ से कोई जवाब न मिलने पर जब उस को शक हुआ, तो वह उठकर निशा के कमरे में गई। निशा अपने कमरे में मौजूद नहीं थी और उसका सारा सामान गायब था। इसके बाद जब महिला अपने बेडरूम में वापस आई, तो बेड पर रखा उसका मोबाइल फोन भी गायब था। घबराई महिला ने जब कमरे में रखी अलमारी को चेक किया, तो उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। अलमारी के ताले टूटे हुए थे और भीतर रखे 50,000 रुपये नकदी गायब थी।

