OLX पर बाइक सेल करने वाले युवक के साथ हुआ फ्रॉड

punjabkesari.in Monday, Dec 09, 2019 - 08:38 AM (IST)

जालंधर(वरुण): ओ.एल.एक्स. पर बाइक सेल करने के चक्कर में जनता कालोनी के रहने वाले एक युवक के साथ 15 हजार रुपए का फ्रॉड हो गया। नौसरबाज ने ओ.एल.एक्स. एप से युवक का नंबर लेकर फोन-पे एप के जरिए उसके खाते में 25 हजार रुपए ट्रांसफर करने के लिए लिंक जोड़ा लेकिन नौसरबाज ने बाइक बेचने वाले युवक के खाते से 15 हजार रुपए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। 

जानकारी देते हुए जनता कालोनी निवासी मनी कांत पुत्र मनजोत कुमार ने बताया कि उसने ओ.एल.एक्स. एप पर खुद की बाइक की फोटो खींच कर बेचने के लिए डाली थी। कुछ समय बाद उसे विकास पांडे नामक युवक का फोन आया कि उसे बाइक पसंद आ गई है। दोनों में 25 हजार रुपए की बात भी हो गई। मनी कांत ने कहा कि विकास पांडे ने उसे फोन-पे एप में 25 हजार रुपए 5-5 हजार रुपए करके ट्रांसफर करने की बात करके सारी रकम देने के बाद बाइक ले जाने की बात कही।

उक्त युवक के कहने पर मनी ने उसके साथ फोन-पे एप पर लिंक जोड़ लिया। इसी दौरान 5 हजार रुपए ट्रांसफर करने का मैसेज आया तो नौसरबाज युवक के कहने पर वह पे का बटन दबाता गया। मनी ने कहा कि उसे फोन-पे एप के बारे ज्यादा जानकारी नहीं थी लेकिन बैंक के एक-एक करके मैसेज आए जिसे देख कर पता लगा कि उसके खाते से पैसे निकल रहे हैं। नौसरबाज ने मनी कांत के खाते में से 15 हजार रुपए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। मनी कांत ने नौसरबाज को फोन किया तो पहले उसने फोन नहीं उठाया और बाद में फोन स्विच्ड ऑफ आने लगा। मनी कांत का कहना है कि रविवार होने के कारण साइबर क्राइम सैल में शिकायत नहीं दी गई लेकिन सोमवार को वह इस सारे मामले की साइबर क्राइम सैल को शिकायत देगा। 

Edited By

Sunita sarangal