भोले-भाले किसानों से ठगी! धारीवाल में गैर-मानक खाद बेचने के आरोप में केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 01:00 PM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): कस्बा धारीवाल में गैर-मानक (जाली) खाद बेचकर भोले-भाले किसानों से कथित तौर पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। कृषि विभाग गुरदासपुर के दिशा-निर्देशों के बाद धारीवाल पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, गैर-मानक खाद को कथित तौर पर एक अनधिकृत गोदाम में रखकर स्टॉक करने, बेचने और बिक्री के लिए पेश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई खाद इंस्पेक्टर-कम-कृषि विकास अधिकारी, ब्लॉक धारीवाल की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस के जांच अधिकारी रछपाल सिंह ने बताया कि रिकॉर्ड के अनुसार मामले में राकेश कुमार, जो एक केमिकल्स फर्म में सेल्समैन के तौर पर जुड़ा बताया गया है, तथा एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी समेत धारीवाल निवासी योगेश कुमार को नामजद किया गया है।

शिकायत के मुताबिक आरोप है कि कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत नॉन-स्टैंडर्ड खाद को अनधिकृत गोदाम में रखा गया था। इसे किसानों को बेचने या बिक्री के लिए पेश किया जा रहा था। आरोप है कि इसके जरिए किसानों के साथ धोखाधड़ी करने के साथ-साथ सरकार को भी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News