दोस्त दोस्त न रहा! अहसान का बदला अहसान फरामोशी से चुकाया

punjabkesari.in Tuesday, Oct 14, 2025 - 06:43 PM (IST)

लुधियाना (तरुण) : कब किसी इंसान की नीयत बदल जाए ,कोई कुछ नहीं कह सकता। इस बात का ताजा उदाहरण लुधियाना में सामने आया है। जहां पर एक प्राइवेट फाइनैंस कंपनी के कर्मचारी ने लोन के कर्ज तले फंसे एक व्यक्ति की भलाई की, परंतु भलाई के बदले में कर्ज तले फंसे व्यक्ति की नीयत बदल गई ओर उसने अहसान का बदला अहसान फरामोशी के साथ निभा कर 8.22 लाख रुपए हड़प लिए। 

पीड़ित अमरप्रीत सिंह ने बताया कि वह कैलाश नगर बस्ती जोधेवाल का रहने वाला है। वह थाना डिवीजन नंबर 3 के निकट बाबा थान सिंह चौंक स्थित बजाज फाइनैंस में गोल्ड लोन डिपार्टमेंट में कर्मचारी करता है।  आरोपी जसविंद्र सिंह की बाबा थान सिंह चौंक के निकट चाय की दुकान है। आरोपी जसविनद्र से उसकी पुरानी जान पहचान है, जिस कारण उसने जसविंद्र सिंह को बजाज फाइनैंस कंपनी से सोने के ऐवज में करीब 8 लाख रुपए का लोन पास करवा कर दिया। प्रति वर्ष लोन अमाऊंट के लिए रिन्यूल फीस अदा करनी पड़ती है। 

फरवरी में आरोपी ने उसे कहा कि लोन अमाऊंट का अरैंजमेंट नहीं हुआ है। वह लोन अमाऊंट का अरैंज करवा कर उसे दे। जिससे कि उसे 3 परसेंट का जुर्माना लगने से बच जाए। कस्टमर व पुरानी जान पहचान होने के कारण उसने जसविन्द्र सिंह की मदद की। उसने अपनी जीवन भर की इकटठी की हुई कमाई 8.22 लाख रुपए उसे दे दिए।

जसविन्द्र ने 8.22 लाख रुपए बजाज फाइनैंस में जमा करवा कर वापिस लोन के लिए आवेदन किया। फाइनैंस कंपनी ने दोबारा से लोन अप्रुव कर जसविन्द्र सिंह के बैंक अकाऊंट में 8.34 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। जसविन्द्र के बैंक अकाऊंट में 8.34 लाख रुपए जमा होने के बाद जब उसने अपनी दी हुई रकम 8.22 लाख रुपए की मांग की तो उसने देने से इंकार कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि आरोपी जसविन्द्र सिंह की नीयत बदल गई। जबकि उसने जसविन्द्र सिंह के 3 परसेंट जुमार्ना न लगे इसके लिए उसकी मदद की थी। परंतु आरोपी जसविन्द्र सिंह अब उसको रकम लौटाने की बजाय उल्टा धमकियां दे रहा है। जिसके बाद उसने पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के समक्ष पेश होकर इंसाफ की गुहार लगाई है।

जांच अधिकारी लखबीर सिंह ने बताया कि डी ए लीगल व जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़त अमरप्रीत सिंह के बयान पर आरोपी जसविन्दर सिंह निवासी राम नगर, शिंगार सिनेमा रोड़ के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जायेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor