जश्न मना रहे दोस्त आपस में उलझे, एक का कत्ल, मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2020 - 04:19 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): शनिवार देर रात गुरु नानकपुरा में इकट्ठे बैठ कर शराब पी रहे दोस्तों में हुए झगड़े दौरान अपने ही एक दोस्त को चाकू मार कर उसका कत्ल कर दिया और शव को आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना इस्लामाबाद के इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आधे जले हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के साथ मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कत्ल और आरोपियों के सुराग हासिल किए हैं। अभी फिलहाल पुलिस ने 5 व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना इस्लामाबाद के इलाके गुरु नानकपुरा के रहने वाले रमेश कुमार विक्की के घर उसके 4-5 दोस्त जश्न मना रहे थे। घर में डी.जे. लगाया हुआ था और शराब चल रही थी। रमेश कुमार उस समय अपने दोस्तों के साथ घर में अकेला था, उसकी माता अपनी बेटी को मिलने गई हुई थी। पार्टी दौरान दोस्तों के बीच कुछ ऐसा हुआ कि रमेश कुमार की चाकू मार कर हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को एक कंबल में लपेट कर घर में आग लगा दी गई जिससे हत्या की इस घटना को हादसे में बदला जा सके।

वारदात के बाद रमेश के सभी दोस्त मौके से फरार हो गए लेकिन थाना इस्लामाबाद के इंचार्ज इसपैक्टर अनिल कुमार जैसे ही मौके पर पहुंचे तो उन्हें शक हुआ कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि कत्ल का मामला है। जांच दौरान उन्होंने रमेश कुमार का खून भी कमरे में बिखरा हुआ पाया, जिसके बाद उन्हें विश्वास हो गया कि रमेश कुमार का कत्ल कर उसके शव को जलाया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से ब्लड सैंपल लिए और कुछ अन्य सबूत इकट्ठे किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए भेज दिया गया।

यह कहना है पुलिस का
थाना इस्लामाबाद के इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल कुमार का कहना है कि यह पूर्ण रूप से कत्ल का केस है, जिसमें मृतक के दोस्तों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हो चुके हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर मामले को सुलझा लिया जाएगा।

Edited By

Sunita sarangal