पैट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में जाखड़, सिद्धू, रंधावा उतरे सड़कों पर

punjabkesari.in Saturday, May 26, 2018 - 10:14 AM (IST)

जालंधर (चोपड़ा): देश भर में पैट्रोल-डीजल के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि और मोदी सरकार के 4 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के विरोध में आज पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़, निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू, जेल मंत्री सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने खुद सड़कों पर उतरते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ अलग अंदाज से विरोध जताते हुए जाखड़, सिद्धू, रंधावा बैलगाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे और उक्त नेताओं ने कड़ी धूप में 25 मिनट तक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर खड़े होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा व आर.एस.एस. के खिलाफ जोरदारी नारेबाजी की। अंत में प्रधानमंत्री मोदी का पुतला भी फंूका गया। जाखड़ ने कहा कि अगर देश के लोकतंत्र व संविधान को बचाना है तो भाजपा को हराना बेहद जरूरी है। 


उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस सांकेतिक रूप से नरेन्द्र मोदी को ही जला रही है। जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विगत लोकसभा चुनावों में देश की जनता से विश्वासघात किया है। जनता को अच्छे दिनों के सपने दिखाए, भ्रष्टाचार को खत्म करने, 80 लाख करोड़ के विदेशी धन को वापस लाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई, 15 लाख रुपए हरेक के बैंक खाते में जमा होने सहित अनेकों झूठे वायदे किए, परंतु उलटा नोटबंदी व जी.एस.टी. जैसी तानाशाही नीतियां जनता पर थोप दीं। 26 मई को केंद्र की मोदी सरकार के 4 वर्ष पूरे हो रहे हैं जिसे देश भर में कांग्रेस विश्वासघात दिवस के तौर पर मना रही है। जाखड़ ने कहा कि आज जालंधर की धरती से मोदी सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा का सफाया हो जाएगा।  


इस मौके पर सांसद संतोख चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री अवतार हैनरी, जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान दलजीत आहलूवालिया, देहाती के प्रधान कै. हरमिन्द्र सिंह, विधायक राजिन्द्र बेरी, विधायक जूनियर अवतार हैनरी, विधायक सुशील रिंकू, विधायक सुरिन्द्र चौधरी, विधायक कुलबीर सिंह जीरा, पूर्व विधायक जगबीर सिंह बराड़ व अन्य भी मौजूद थे।

Punjab Kesari