फिर शर्मसार हुए रिश्ते, शादी का झांसा देकर फूफा ने भतीजी को किया गर्भवती

punjabkesari.in Wednesday, Feb 10, 2021 - 05:34 PM (IST)

लुधियाना (महेश): रिश्‍तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है जिसमें 2 बच्‍चों का पिता आरोपी फूफा शादी का झांसा देकर सगी भतीजी को हिमाचल ले गया और उससे लगातार अपनी हवस मिटाता रहा। भतीजी जब गर्भवती हुई तो उसे छोड़ कर भाग गया। बहरहाल सलेम टाबरी पुलिस ने रेप का केस दर्ज करके फूफा को दबोच लिया है। वह अंबाला का रहने वाला है। आरोप है कि पिछले साल 20 जून को फूफा लुधियाना आया और भतीजी को गाड़ी में अपने साथ हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में ले गया। जहां भतीजी को छोटी हलेड कालोनी में किराए के एक कमरे में रखा उसका लगातार शारीरिक शोषण करता रहा और उसे गर्भवती कर दिया। इतना ही नहीं शादी के नाम पर लाकडाउन का बहाना बना कर 6 माह तक टालता रहा और बाद में साफ मुकर गया। इसके बाद उसे अकेली छोड़ कर वहां से भाग गया। परिजनों को जब इसका पता चला तो वह पीडि़त को कांगड़ा से ले आए। जिसके बाद भतीजी ने हरियाणा पुलिस के पास फूफा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। 

फूफा बात नहीं करने देता था घरवालों से पीडि़ता का आरोप है कि उसने कई बार अपने घरवालों से बात करने की कोशिश की, लेकिन फूफा उनसे बात नहीं करने देता था। उसका मोबाइल भी छीन कर फूफा ने अपने पास रख लिया था। बदनामी के डर से वह किसी को कुछ बता भी नहीं पाती थी।

पहले भी हो चुकी थी फूफा की छित्तर-परेड
बताया जाता है कि फूफा की करतूतों के कारण पहले भी छित्तर परेड हो चुकी है। भरी पंचायत में कई बार उसे जलील भी किया गया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इससे दुखी होकर परिवार वालों ने पीडि़ता को लुधियाना अपनी मौसी के पास भेज दिया, लेकिन बावजूद इसके फूफा लगातार भतीजी को फोन करके बहकाता रहा।

हरियाणा पुलिस ने जीरो एफ.आई.आर. दर्ज करके भेजी थी। जिसके आधार पर केस रजिस्‍ट्रेड करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीडि़ता की मेडीकल जांच करवाई जा रही है। आरोपी को जल्‍द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Content Writer

Mohit