चन्नी के भांजे की गिरफ्तारी पर गजेंद्र शेखावत बोले-किसी को लूट की खुली छूट नहीं दे सकते

punjabkesari.in Monday, Feb 07, 2022 - 01:52 PM (IST)

जालंधर (गुलशन, राहुल): भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज जालंधर के लाजपत नगर में स्थित प्रदेश चुनाव कार्यालय में भाजपा के चुनाव के थीम सॉन्ग 'नवां पंजाब भाजपा दे नाल' लांच किया। भाजपा कार्यकर्त्ता और विख्यात पंजाबी गायक दलेर मेहंदी ने भाजपा के थीम सांग को अपनी आवाज दी है।

इस बारे गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि इस गीत में भाजपा का पंजाब की उन्नति के लिए पूरा रोडमैप दर्शाया गया है। पंजाब की जनता अगर भाजपा को सत्ता सौंपकर सेवा का मौका देती है तो भाजपा अपने इस मिशन को पूरा करेगी और एक नए व खुशहाल पंजाब का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी कई योजनाओं का हक पंजाब की जनता को नहीं मिला है और वह हक भी पंजाब की जनता को दिलाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : CM चेहरा ऐलान करने के बाद सिद्धू का हाईकमान को लेकर का पहला बयान

शेखावत ने कहा कि पंजाब गीतों और नृत्य के साथ-साथ उमंग और उल्लास की धरती है। इस गीत में भी यह सब दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त, माफिया मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, रोजगार युक्त, समृद्ध और खुशहाल पंजाब बनाना ही भाजपा का लक्ष्य है। वहीं मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे को ई. डी. द्वारा गिरफ्तार किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब पर शेखावत ने कहा कि चुनावों के दौरान ई. डी. की छापेमारी पर सवाल करने वाले कांग्रेसी नेताओं से पूछा जाना चाहिए कि चुनावी माहौल में क्या किसी को लूट करने की खुली छूट दी जानी चाहिए?

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के भांजे भूपेंद्र सिंह हनी से करोड़ों रुपए बरामद होने और अरबों रुपए का हिसाब न देने पर पंजाब सरकार, पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी को कोई नैतिक अधिकार नहीं है कि वे ऐसे सवाल या ऐसी टिप्पणी करे।

यह भी पढ़ें : इन मशहूर पंजाबी कलाकारों की भाजपा में हुई एंट्री

कांग्रेस के मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा के लिए राहुल गांधी के पंजाब दौरे के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राहुल गांधी जब आते हैं तो उनके जाने के बाद जो तूफान उठता है उसके बारे में ज्यादा चर्चा होती है और किन लोगों ने उनके कार्यक्रम का बहिष्कार किया है। कांग्रेस के 2 सी.एम. चेहरों पर शेखावत ने कहा कि यह तो एक बारात में 2 दूल्हे वाली बात है।

शिवसेना पंजाब ने दिया भाजपा को खुला समर्थन
शिवसेना पंजाब के संजीव घनोली (रोपड़) ने अपना पूर्ण समर्थन भाजपा को देने की घोषणा की है। इस संबंध में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि शिवसेना पंजाब के उम्मीदवार पिछले विधानसभा चुनावों में भी मैदान में उतरे थे और हजारों वोट पड़े थे। इस बार भी उनके 4 5 उम्मीदवार मैदान में थे, मगर अब शिवसेना पंजाब ने भाजपा को खुला समर्थन देने की घोषणा की है।

किट्टू ग्रेवाल सहित कई नेताओं ने थामा भाजपा का दामन
भाजपा के प्रदेश महासचिव राजेश बाघा ने बताया कि आज भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं में कांग्रेस की मध्य प्रदेश के 24 जिलों की प्रभारी एवं पंजाब महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किट्टू ग्रेवाल ने आज कांग्रेस को छोड़कर 'कमल का फूल' थाम लिया।

यह भी पढ़ें : CM चेहरे के ऐलान के बाद माता नैना देवी के दरबार पहुंचे चरणजीत चन्नी (तस्वीरें)

इसके अलावा विभिन्न किसान और सिख संगठनों से जुड़े हरियाणा के स्टेट अवॉर्डी डॉ.. रघुवीर शुक्ला, आम आदमी पार्टी के पूर्व वरिष्ठ नेता दर्शन सिंह मेहमी, 'आप' के संस्थापक सदस्य नरेश गुप्ता, ऋतु जैन, कांग्रेस के आई.टी. कम्युनिकेशंस के चेयरमैन अरविंद मिश्रा, ऑल इंडिया किसान मजदूर मोर्चा के राष्ट्रीय कन्वीनर मनमोहन सिंह, विधानसभा हलका बंगा से हरनेक सिंह नंबरदार, बसपा नेता लेखक एवं गायक भूपेंद्र सिंह, मनप्रीत मैंबर पंचायत, रोशन लाल भी भाजपा में शामिल हुए। इसके अलावा पटियाला से नगर निगम की निर्दलीय पार्षद रही सीमा शर्मा के साथ कई अकाली नेता भाजपा में शामिल हुए। इसके अलावा पंजाब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव डॉ. मनीष कुमार ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Urmila