बनूड़ जुआ व देह व्यापार कांड, 76 लोग सलाखों के पीछे

punjabkesari.in Saturday, Feb 06, 2021 - 10:05 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र/ इकबाल): ऑर्गेनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओ.सी.सी.यू.) द्वारा बनूड़ में जुआ, देह व्यापार और नाजायज शराब के मामले में गिरफ्तार 76 लोगों को आज पुलिस ने दोबारा अदालत में पेश किया जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में फरार बाकी 6 लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज कर दी है। 

इस केस में पुलिस ने प्रमुख कथित आरोपियों के खिलाफ 383 और 506 आई.पी.सी. भी जोड़ दी है। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार लोगों की बैंक डिटेल भी निकलवा ली हैं ताकि पता लगाया जा सके कि इस मामले में पैसों का हिसाब-किताब किस-किस के खाते में होता था।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले बनूड़ के एक होटल में से ओ.सी.सी.यू. की टीम ने छापामारी करके कुल 76 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने दावा किया था कि यहां जुआ, देह व्यापार और नाजायज शराब का धंधा चलता था।

Content Writer

Tania pathak