नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 30 लाख की नकदी सहित दंपत्ति गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Apr 05, 2024 - 07:50 PM (IST)

बटाला :  पुलिस ने जाली भारतीय करंसी बनाने वाले दम्पति का पर्दाफाश करते हुए उको 30 लाख की जाली करंसी, प्रिंटर, लैमीनेशन मशीन, जाली करंसी बनाने वाले पेपरों, 2 कारों व अन्य सामान सहित गिरफ्तार किया है।

इस संबंधी एस.एस.पी. अश्विनी गोटियाल ने बताया कि लोकसभा चुनावों को मुख्य रखते हुए पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत गुप्त सूचना मिली थी कि एक दम्पति कार में जाली करंसी की डिलिवरी देने हेतु जा रहा है। इसके बाद डी.एस.पी.डी. बलजिन्द्र सिंह के नेतृत्व में सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज सुखराज सिंह व थाना सदर के एस.एच.ओ. हरसिमरन कौर की टीमों ने गांव सैद मुबारक के पास नाकाबंदी की।

इस दौरान कार सवार दम्पति को काबू कर उनसे 27 लाख रुपए की जाली भारतीय करंसी बरामद की गई। इसके बाद उनकी निशानदेही पर 3 लाख रुपए, प्रिंटर, लैमिनेशन मशीन, जाली करंसी बनाने वाले पेपरों के दस्ते, जाली करंसी में डाली जाने वाली तार के रोल, करंसी को मुलायम करने वाला स्टार्च पाऊडर बरामद किया गया। इसके साथ ही दम्पति से 2 कारें भी बरामद की गई।

एस.एस.पी. ने कहा कि पकड़े गए दम्पति की पहचान सुखबीर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र तारा सिंह निवासी वी.पी.ओ. भट्टी थाना तरसिक्का व गुरिन्द्र कौर उर्फ सोनिया के तौर पर हुई है। पुलिस ने दम्पति को गिरफ्तार कर थाना सदर में केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि उक्त दम्पति के विरुद्ध पहले भी एक केस दर्ज है। पुलिस द्वारा उनका अदालत से रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि उनसे और खुलासे हो सकें।

Content Editor

Subhash Kapoor