पंजाब फिर शर्मसार, लुधियाना के बाद अब फिल्लौर में गैंगरेप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 13, 2019 - 12:48 PM (IST)

फिल्लौर(भाखड़ी): लुधियाना में नाबालिगा से गैंग रेप की घटना की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि स्थानीय शहर में गत रात्रि साढ़े 9 बजे अपने दोस्त के साथ पैदल सैर कर रही 15 वर्षीय नाबालिगा को 3 युवकों ने किडनैप कर लिया व 2 युवकों ने उससे गैंग रेप किया।

उक्त आरोपियों का मुकाबला करते वक्त लड़की की एक टांग टूट गई, वह दर्द से छटपटा रही थी, उसके बावजूद दरिंदों ने अपनी हवस बुझाए बिना पीड़िता को नहीं बख्शा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता के दोस्त व 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। इस संबंध में थाना प्रभारी जतिंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता को जो युवक राजीव कुमार सैर करने के बहाने जंगल में ले गया था। उन्होंने शिकायत मिलते ही प्रात: उसे पकड़ लिया।

उक्त युवक ने पुलिस को रात्रि की घटना बारे सब कुछ बताया, जिसके चलते पुलिस ने उक्त युवक को साथ ले आस-पास के मोहल्लों में छापेमारी कर आरोपी अमित उर्फ  चेतू, जतिंद्र उर्फ  जोगिंद्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका तीसरा साथी बंटी घटना के बाद से ही फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूलते हुए माना कि पीड़िता का पहले बंटी ने रेप किया, बाद में अमित ने, जबकि जोगिंद्र दुष्कर्म करने में नाकामयाब रहा। उक्त आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।

नाबालिगा को दोस्त पर यकीन करना पड़ा महंगा
स्थानीय सिविल अस्पताल में दाखिल पीड़िता के साथ बैठी उसकी मां ने बताया कि गत रात्रि साढ़े 9 बजे के करीब उसकी बिस्तर पर लेटी छोटी लड़की रोने लग पड़ी, जिसे वह अपना दूध पिलाने कमरे में चली गई तो उसकी बड़ी बेटी, जो 15 वर्ष की है, घर के बरामदे में बर्तन साफ  करने लग पड़ी। उसे पता ही नहीं चला कि कब उनके मोहल्ले का रहने वाला लड़का राजीव (23) उसे सैर करने के बहाने अपने साथ जंगल की तरफ  ले गया। जहां झाडिय़ों में ले जाकर उसने उसकी बेटी को पकड़ उससे अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं तभी वहां पर शराब के नशे में धुत्त 3 युवकपहुंच गए, जो सैर करने जाते समय उन्हें रास्ते में भी मिले थे। 

चुनरी से उसके दोस्त को बांधा, फिर पीड़िता से किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि जैसे ही वह युवक वहां पहुंचे तो उन्होंने पहले उसके दोस्त राजीव को पकड़कर लड़की की चुनरी से उसकी दोनों बाजू बांध दीं। उनके शोर मचाने पर उन्होंने उन दोनों के साथ बुरी तरह मारपीट करनी शुरू कर दी। पीड़िता किसी तरह उनका मुकाबला कर वहां से भागने में कामयाब तो हो गई, परंतु किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया, अंधेरा होने के कारण वह एक गड्ढे में गिर गई, जिससे उसकी एक टांग टूट गई। लड़की दर्द से छटपटा रही थी, हवस के दरिंदों को उस पर दया नहीं आई और 2 युवकों ने उसके साथ गैंग रेप किया, जबकि तीसरा आरोपी रेप करने में नाकामयाब रहा। 

नाबालिगा के दोस्त ने सहायता के लिए मचाया शोर
गढ़ा रोड निवासी जसपाल सिंह, जो घर के बाहर करियाने की दुकान करता है, ने बताया कि रात्रि साढ़े 10 बजे के करीब काफी बुरी हालत में राजीव कुमार उनके घर के बाहर पहुंचा, जिसकी दोनों बाजू पीछे से चुनरी के साथ बंधी हुई थीं और उसकी पैंट उतरी हुई थी। उसने बताया कि लड़की को झाडिय़ों में उक्त लड़कों ने पकड़ रखा है, जो उससे दुष्कर्म कर रहे हैं। जैसे ही वह मोहल्लावासियों को इकट्ठा कर जंगल के अंदर दाखिल हुए तो पीड़िता झाडिय़ों में पड़ी हुई थी। वह दर्द के साथ कराह रही थी, उसे खड़ा करने की कोशिश की तो पता चला कि उसकी एक टांग टूट चुकी है, जिसे लोगों ने हिम्मत कर कंधे पर उठा इलाज के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल फिल्लौर में दाखिल करवाया जहां डाक्टरों ने उसकी दाईं टांग पर प्लस्तर लगाया।

नाबालिगा की जबरदस्ती शादी करवाने वाले 5 रिश्तेदार नामजद
श्री मुक्तसर साहिब में17 वर्षीय नाबालिगा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 10 जनवरी की रात उसका पिता व भाई खेत में पानी लगाने गए थे, जबकि वह अपनी माता के साथ घर में थी। उसकी माता दवाई खाने के बाद सो गई। रात करीब 11 बजे उसकी मौसी अमनदीप उर्फ  अमनी, मामा गुरप्रीत सिंह, मामी वीरपाल कौर व उसका भाई गाड़ी में आए। उसकी मौसी ने उसे रूमाल पर कोई दवाई लगाकर सुंघा दी, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद सुबह जब उसकी आंख खुली तो वह अपने मामा गुरप्रीत सिंह के घर गांव चेत सिंह वाला में थी। सुबह होते ही वे लोग उसे जबरन गाड़ी में डालकर गांव गामेवाला ले गए। जहां उन्होंने रसाल सिंह के साथ उसकी शादी जबरन गुरुद्वारा साहिब में करवा दी और उसे वहीं छोड़कर चले गए। रसाल सिंह उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब रसाल सिंह व उसके रिश्तेदारों को उसकी आयु कम होने का पता चला तो उन्होंने पंचायत के माध्यम से उसे परिवार को सौंप दिया। कुछ समय तक तो वह सदमे में होने कारण कुछ नहीं बता पाई, लेकिन बाद में उसने पुलिस को सूचना दी।उधर, थाना सदर के प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी ओर से लड़की की शिकायत पर उसकी मौसी अमनदीप कौर उर्फ अमनी, मामा गुरप्रीत सिंह, मामी वीरपाल कौर व भीता सिंह निवासी चेत सिंह वाला और रसाल सिंह निवासी गामेवाला (फिरोजपुर) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। 
                                                                                                                                                                                                                     

Vatika