घर में घुसकर नाबालिगा से सामूहिक दुष्कर्म, सिर में पत्थर मार किया बेहोश

punjabkesari.in Thursday, May 24, 2018 - 07:09 AM (IST)

जालंधर (राजेश): विवेकानंद इलाके में किराए के घर में रहती 13 वर्षीय लड़की के घर में जबरन घुस 2 युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जाते समय पत्थर मार उसका सिर फोड़ दिया। पीड़िता 8वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। आरोपी अलमारी में पड़ा कीमती सामान भी लूट कर ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। 

घटना का पता चलते ही इलाके के लोगों ने लड़की को नजदीकी डाक्टर के पास बेहोशी की हालत में पहुंचाया जहां उसके सिर पर 6 टांके लगे। बाद में घर में आकर लड़की को जब होश आया तो उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया जिसके बाद इलाके के पार्षद पति गुरदीप सिंह नागरा ने तुरन्त थाना-1 की पुलिस को सूचित किया और मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल भर्ती करवाया।

वारदात की खबर सुनकर भाजपा की नेत्री भी मौके पर पहुंची। पीड़ित लडक़ी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां नहीं है तथा पिता व भाई काम पर जाते हैं और वह स्कूल से आने के बाद घर में शाम तक अकेली होती है। रोजाना की तरह शाम को घर में अकेली थी तथा बड़ा भाई वह पिता फैक्टरी में काम पर गए हुए थे कि शाम करीब 4.30 बजे 2 युवकों ने घर का दरवाजा खटखटाया और कहा कि उसके पिता से पैसे लेने हैं जिस पर लड़की ने जैसे ही दरवाजा खोला तो लड़कों ने उसे धक्का देकर घर का दरवाजा अन्दर से लॉक कर दिया। लड़की ने शोर मचाया पर एक लड़के के हाथ में चाकू था जिसने चाकू के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया व दूसरे ने कमरे में पड़ी अलमारी से सामान निकालना शुरू कर दिया। लूट के बाद दूसरे लड़के ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।घटना के बाद डी.सी.पी. गुरमीत सिंह, ए.डी.सी.पी. मनदीप सिंह, ए.सी.पी नवनीत सिंह माहल ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी। पुलिस मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। 


घटनास्थल पर लगा था सरकारी सी.सी.टी.वी. कैमरा
जिस जगह पर वारदात हुई उस जगह के पास ही खंभे पर सी.सी.टी.वी. कैमरा लगा हुआ था जिसमें लुटेरों की तस्वीर आने की संभावना है। पुलिस सरकारी सी.सी.टी.वी. कैमरे के अलावा इलाके में लगे सी.सी.टी.वी कैमरे खंगालने में लगी हुई है। देर रात पुुलिस ने इलाके के कई लोगों से उक्त युवकों के बारे में पूछताछ भी की पर हैवानों के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

पीड़िता का हाल जानने पहुंचे के.डी. भंडारी व मनोरंजन कालिया
दुष्कर्म की शिकार हुई मासूम नाबालिगा का हाल जानने के लिए पूर्व विधायक के.डी. भंडारी व मनोरंजन कालिया सिविल अस्पताल में पहुंचे, जिन्होंने लड़की का हाल जाना तथा पुलिस के उच्चाधिकारियों से सख्त कार्रवाई के साथ आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। 

Anjna