नशीला पदार्थ खिलाकर 12वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म

punjabkesari.in Friday, Jun 08, 2018 - 08:34 AM (IST)

खन्ना (सुनील): पुलिस जिला खन्ना ने 12वीं कक्षा की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में कथित 3 आरोपियों के खिलाफ दर्ज छेड़छाड़ के मामले में आई.पी.सी. की धारा 376-डी जोड़ दी  है। इसके साथ ही कथित आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। 

जानकारी के अनुसार छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़िता द्वारा कुछ दिन पहले शिकायत दर्ज करवाई गई थी जिस पर पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद कथित आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया था लेकिन पीड़िता ने सामूहिक दुष्कर्म की धारा लगाने की मांग को लेकर इंसाफ न मिलने की स्थिति में आत्महत्या की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही पीड़िता ने एस.एस.पी. खन्ना नवजोत सिंह माहल से मुलाकात कर इंसाफ की गुहार भी लगाई थी, ताकि कथित आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके। एस.एस.पी. ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत बनती कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

जिस पर पुलिस ने लड़की की शिकायत पर दर्ज पहले के मामले में सामूहिक दुष्कर्म की धारा जोड़ दी है। लड़की ने अपने बयान में लिखवाया है कि कथित आरोपी उसका लगातार पीछा करता था। परीक्षा के दिनों में आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठा कर अज्ञात स्थान पर ले गया था, जहां उसने नशीला पदार्थ खिलाकर अन्य कथित आरोपियों समेत उससे सामूहिक दुष्कर्म किया था। 

क्या कहना है डी.एस.पी. का
इस संबंध में जब डी.एस.पी. हरसिमरत सिंह छेतरा से बातचीत की गई तो उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एस.एस.पी. नवजोत सिंह माहल के निर्देशों पर कथित आरोपियों को पकडऩे के लिए विशेष पार्टिंयों रवाना कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कथित आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किया जाना यकीनी है। 

Anjna