गंगानगर रेल ट्रैक ब्लास्ट केस: गुरदासपुर से महिला सहित 2 गिरफ्तार, हुए बड़े खुलासे

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 01:26 PM (IST)

गुरदासपुर (विनोद, हरजिंदर गोराया): राजस्थान के श्री गंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में पुलिस ने जिला गुरदासपुर के सीमावर्ती गांवों में एक लड़की तथा एक नौजवान लड़के को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों की पहचान 21 साल की महकदीप कौर निवासी सीमावर्ती गांव दोस्तपुर और 22 साल के दविंदर सिंह निवासी चोड़ाकलां के तौर पर हुई है। इन्हें राजस्थान एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड श्रीगंगानगर पुलिस और पंजाब पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार किया गया। 

पुलिस ने बताया कि आरोपी महकदीप कौर पाकिस्तान में मौजूद दो हैंडलर्स के टच में थी। एक हैंडलर का नाम ‘चाचा’ था, जबकि दूसरे का नाम ‘शाह’ था। पुलिस ने कहा कि आई.एस.आई. ने गंगानगर की रहने वाली बबीता नाम की एक महिला को फंसाने के लिए भी ऐसा ही तरीका इस्तेमाल किया था। आरोपी गिरफ्तार महकदीप कौर अपने पति से अलग रह रही थी, जो अभी ड्रग्स से जुड़े आरोपों में जेल में है। पुलिस के मुताबिक आई.एस.आई. हैंडलर्स कमजोर महिलाओं, जो अक्सर सिंगल होती हैं, को रोमांटिक बातें शुरू करके और पैसे का लालच देकर टारगेट करते हैं। जांच में पता चला कि महिला को रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने के लिए पैसे दिए गए थे। इस बीच पुलिस ने महकदीप कौर से दो हथियार, 46 कारतूस और 30,000 रुपये बरामद किए हैं और तीन और लोगों को भी हिरासत में लिया है। इन लोगों पर शक है कि उन्होंने आरोपियों को रहने की जगह, मोटरसाइकिल और क्राइम सीन तक ट्रांसपोर्ट देकर उनकी मदद की थी।

PunjabKesari

क्या कहना है एस.एस.पी. गुरदासपुर आदित्य का

इस संबंधी एस.एस.पी. गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि हमने संदिग्धों को पकड़ने के लिए पूरे ऑपरेशन को कोऑर्डिनेट किया। जबकि राजस्थान की टीमों ने इस संबंधी जानकारी देकर सहयोग की मांग की थी। मामला बहुत ही गंभीर होने के कारण हमने पूरा सहयोग किया। यह ब्लास्ट 3 नवम्बर की रात करीब 9:45 बजे राजस्थान के श्री गंगानगर में रामसिंहपुर के पास एक रेलवे ट्रैक पर हुआ था। इससे रेलवे के दो स्लीपर टूट गए, ट्रैक को नुकसान पहुंचा और करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा हो गया।

क्या कहना है महकदीप कौर के परिवार वालों का

इस संबंधी जब गांव दोस्तपुर में जाकर उसके परिवार वालों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि महकदीप कौर लम्बे समय से उसके कहने में नही है तथा अलग रहती है। उसका पति भी नशा तस्करी के मामले में जेल में है। इसलिए हमारा इन लोगों से कुछ लेना देना नही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News