प्रीत फगवाड़ा ने खाई थी गौंडर व प्रेमा लाहौरिया को मारने की कसम

punjabkesari.in Saturday, Nov 03, 2018 - 08:35 AM (IST)

जालंधर(रविंदर): एक समय था जब पंजाब में सुक्खा काहलवां व विक्की गौंडर के गैंग सक्रिय थे। दोनों गैंग एक-दूसरे के खून के प्यासे थे। कुछ साल पहले जालंधर में पेशी भुगतने के बाद जब सुक्खा काहलवां पुलिस सिक्योरिटी में वापस जा रहा था तो फगवाड़ा के पास विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया ने सरेआम गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी थी। 

हत्या करने के बाद विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया ने लाश के ऊपर भंगड़ा भी डाला था। दिन-दिहाड़े हुए इस शूटआऊट के बाद राज्यभर में गैंगस्टरों की दहशत फैल गई थी और पुलिस कार्यप्रणाली पर कई तरह के सवाल खड़े हुए थे। सुक्खा काहलवां गैंग का लीडर था और प्रीत फगवाड़ा उसका राइट हैंड था। अपने गैंग लीडर सुक्खा काहलवां की हत्या के बाद प्रीत फगवाड़ा ने विक्की गौंडर व प्रेमा लाहौरिया को मारने की कसम खाई थी और फेसबुक पर लाइव होकर भी धमकी दी थी। सुक्खा की मौत के बाद उसके गैंग की सारी कमान प्रीत फगवाड़ा ही संभाल रहा था और राज्य के कई जिलों में कालेजों से निकलने वाले नए प्रधानों को अपने गैंग में शामिल कर रहा था। प्रीत के खिलाफ पंजाब समेत अन्य राज्यों में भी कई केस दर्ज हैं। फिरौती वसूलना, हमला करना और हत्या करने जैसे अपराधों में इस गैंग की खासी शमूलियत रही है।

प्रिंस हत्याकांड में गवाही देने पर कर दिया था दीपांश व सिमरन का कत्ल
तकरीबन 3 साल पहले बस्ती बावा खेल में गैंगस्टरों ने अपना खूनी खेल चलाकर हत्याओं का दौर शुरू किया था। दरअसल इस खूनी खेल की कहानी पिं्रस हत्याकांड से रची गई थी। प्रिंस हत्याकांड में कुख्यात गैंगस्टर दलजीत सिंह भाणा नामजद हुआ था। प्रिंस हत्याकांड में दलजीत सिंह भाणा के खिलाफ अदालत में दीपांश व सिमरन गवाह बने थे। इसी रंजिश के कारण अपने साथियों के साथ मिलकर दलजीत सिंह भाणा ने प्रिंस हत्याकांड के मुख्य गवाह दीपांश व सिमरन की हत्या कर दी थी। इस दोहरे हत्याकांड ने पुलिस की नींव को हिलाकर रख दिया था। भाणा के अलावा राजा पहाडिय़ा को भी पुलिस ने इस केस में नामजद किया था। तब से ही राजा पहाडिय़ा पुलिस को इस केस में वांटेड था।

धन भी रखते हैं, गन भी रखते हैं..जरा बचके रईयो वरना ठोंकने का जिगर भी रखते हैं
गिरफ्तार दोनों गैंगस्टर राजा पहाडिय़ा व प्रीत फगवाड़ा फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया पर भी पूरी तरह एक्टिव थे। फेसबुक पर तो दोनों ने हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें भी डाली हुई थीं और खुद को बड़े गैंगस्टर बताते थे। फेसबुक के जरिए ही वह लोगों को धमकाते थे और फिरौती वसूलते थे। हैरानी की बात तो यह है कि फेसबुक पर दोनों गैंगस्टर के फालोअर्स भी बेहद ज्यादा थे। पिछले कुछ समय से पंजाब पुलिस की सख्ती के कारण दोनों ने फेसबुक को हैंडल करना छोड़ दिया था, मगर अपनी किसी भी प्रोफाइल को डिलीट नहीं किया था। अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर प्रीत फगवाड़ा ने जहां हथियारों व केक के साथ अपनी फोटो डाली हुई है तो वहीं राजा पहाडिय़ा ने गन के साथ फोटो खिंचवाते हुए यह कमैंट भी लिखा है कि धन भी रखते हैं, गन भी रखते हैं..जरा बचके रईयो वरना ठोंकने का जिगर भी रखते हैं।

Vatika