मनप्रीत मन्ना की हत्या का मामला: गैंगस्टर लारैंस बिश्नोई 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर

punjabkesari.in Thursday, Dec 26, 2019 - 08:52 AM (IST)

मलोट (काठपाल, विकास): मलोट के मनप्रीत सिंह मन्ना कत्ल केस की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस द्वारा गैंगस्टर लारैंस बिश्नोई को ज्यूडीशियल कोर्ट मलोट में भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में पेश किया गया। जानकारी के अनुसार लारैंस राजस्थान की भरतपुर जेल में सजा काट रहा है। आज सुबह उसे बंद गाड़ी में कड़ी सुरक्षा के साथ अदालत में पेश किया गया।

सरकारी छुट्टी होने के बावजूद मनप्रीत मन्ना कत्ल केस में शक  के तौर पर लाए गए कथित दोषी को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट शिवांगी सागर की कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस द्वारा 8 दिन का पुलिस रिमांड मांगने पर माननीय मैजिस्ट्रेट ने उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। वहीं लारैंस बिश्नोई के वकील ने बताया कि कोई व्यक्ति जेल में बैठकर किसी कत्ल जैसी वारदात को अंजाम नहीं दे सकता। इस संबंधी एस.पी. (डी.) गुरमेल सिंह ने बताया कि  2 दिसम्बर को मन्ना कत्ल केस की जिम्मेदारी सोशल मीडिया के माध्यम से लारैंस बिश्नोई ने ली थी। इसके तहत कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर दिए बयानों की तफ्तीश करने के लिए उसे आज ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।

जजों के लिए बनाए गए रास्ते से किया कोर्ट में पेश
सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए लारैंस बिश्नोई को अदालत में पेश करने के लिए जजों के लिए बनाए गए एंट्री रास्ते से कोर्ट ले जाया गया, जहां करीब 5 मिनटों की अदालती पेशी के बाद वापस पुलिस हिरासत में ले लिया गया। इस अवसर पर एस.पी. (डी.) गुरमेल सिंह, डी.एस.पी. मनमोहन सिंह औलख, एस.एच.ओ. सिटी मलोट अमनप्रीत सिंह, एस.एच.ओ. थाना सदर परमजीत सिंह के अलावा भारी पुलिस बल उपस्थित था।

Vatika