रसोई गैस के लिए आम जनता परेशान! 8 महीने से नए कनेक्शन का इंतजार, सिलेंडर बुकिंग पर...
punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 05:15 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): रसोई गैस की बढ़ती जरूरतों के बीच नए गैस कनेक्शन जारी नहीं किए जाने और सिलेंडर की दोबारा बुकिंग के लिए 25 दिन की अनिवार्य प्रतीक्षा अवधि ने आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एक तरफ नए परिवार गैस कनेक्शन लेने के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी तरफ पहले से कनेक्शन धारक परिवारों को भी समय पर सिलेंडर उपलब्ध होने को लेकर चिंता सता रही है। खासकर शादी-विवाह और अन्य पारिवारिक समारोहों वाले घरों के लिए यह स्थिति परेशानी का कारण बन रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, गैस कंपनियों द्वारा नए गैस कनेक्शन जारी नहीं किए जाने के कारण लोगों में रोष बढ़ रहा है। कई परिवार पिछले करीब 8 महीनों से नए कनेक्शन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि विवाह के बाद नए घर की गृहस्थी शुरू करने वाले परिवारों को तमाम तैयारियों के बावजूद गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं हो पा रहा। ऐसे में उन्हें रसोई की व्यवस्था चलाने के लिए दूसरे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
पुराने उपभोक्ताओं के नाम पर ट्रांसफर की भी सीमाएं
काबिलेगौर है कि केंद्र सरकार की ओर से मार्च 2026 के शुरुआती दिनों में नए गैस कनेक्शनों पर रोक लगा दी गई थी। इसके साथ ही पुराने गैस कनेक्शनों को परिवार के सदस्यों के नाम पर ट्रांसफर करने की व्यवस्था भी सामने आई, लेकिन यह सुविधा उन परिवारों की समस्या का पूर्ण समाधान नहीं बन पा रही, जिनके पास पहले से केवल एक ही गैस सिलेंडर है। ऐसे परिवारों को नया कनेक्शन या अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
25 दिन की बुकिंग शर्त ने बढ़ाई रसोई की चिंता
उपभोक्ताओं की एक अन्य बड़ी शिकायत यह है कि एक गैस सिलेंडर की सप्लाई लेने के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग करवाने के लिए कम से कम 25 दिनों का इंतजार करना पड़ता है। सर्दियों के मौसम में रसोई घरों में गैस की खपत बढ़ जाती है और कई परिवारों में सिलेंडर निर्धारित अवधि से पहले ही खत्म हो जाता है। ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं के सामने खाना बनाने की व्यवस्था को लेकर संकट खड़ा हो सकता है।
महिलाओं ने जताया रोष, उपभोक्ताओं ने उठाए सवाल
इस व्यवस्था को लेकर महिलाओं में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका सवाल है कि जब उपभोक्ता गैस का पूरा खर्च उठाने को तैयार हैं तो फिर उन्हें जरूरत के अनुसार गैस कनेक्शन और सिलेंडर क्यों उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे? विजय गर्ग चेयरमैन जिला इंडस्ट्री चैंबर ने कहा कि गैस कंपनियों को आम जनता की परेशानियों को समझना चाहिए। 25 दिनों की बुकिंग अवधि की शर्त को समाप्त करने के साथ ही नए गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जानी चाहिए।
उपभोक्ताओं की मांग है कि सरकार और गैस कंपनियां मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करें, ताकि नए परिवारों को कनेक्शन मिल सकें और पुराने उपभोक्ताओं को भी जरूरत के समय अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध हो सके। लोगों का कहना है कि रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत के लिए बार-बार इंतजार करना आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

