युवक ने 3 साथियों के साथ मिलकर किया लड़की का अपहरण

punjabkesari.in Saturday, Dec 15, 2018 - 10:06 PM (IST)

होशियारपुर (अश्विनी): होशियारपुर-चिंतपूर्णी मार्ग पर स्थित गांव चौहाल में गत रात्रि उस समय दहशत का माहौल व्याप्त हो गया, जब एक युवक ने तेजधार हथियारों के बल पर अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर एक परिवार को बंधक बनाकर उनकी नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया। परिवारिक सदस्यों द्वारा शोर मचाने पर भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इस संबंधी थाना सदर की पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी। लड़की के परिवार के अनुसार वे एक आरोपी को पहचानते हैं तथा उसके साथ तीन अज्ञात युवक थे।

अपहृत लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि उनके गांव का ही एक लड़का अजायब सिंह पुत्र जरनैल सिंह अपने तीन साथियों के साथ जिनके हाथ में तेजधार हथियार थे, रात्रि करीब 1 बजे उनके घर की दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुआ और उन्हें बंधक बनाकर उनकी नाबालिग बेटी को अगवा करके मारुती कार में सवार होकर फरार हो गया।

लड़की के पिता ने बताया कि आरोपी उसकी बेटी को पहले भी बहला-फुसला कर ले गया था। इस संबंध में जुलाई माह में थाना सदर की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 363/366/366ए/376/120बी के अधीन तथा पास्को एक्ट के अधीन केस दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद से वह भगौड़ा चल रहा था।

Mohit