लड़की से छेड़छाड़ मामला: टिकट चैकरों ने दिया बयान, कांस्टेबल सस्पैंड

punjabkesari.in Wednesday, Jul 25, 2018 - 08:11 PM (IST)

फिरोजपुर(आनंद): सोमवार को मुंबई से फिरोजपुर के लिए चलने वाली पंजाब मेल में जींद-रोहतक के बीच आर.पी.एफ. के कांस्टेबल की ओर से लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में पीड़ित लड़की की शिकायत पर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सस्पैंड कर दिया है। इस घटना को लेकर ट्रेन में उस वक्त ड्यूटी करने वाले टिकट चैकिंग स्टाफ बलबीर सिंह, हर्ष, सतनाम सिंह समेत अन्य टिकट चैकरों के बयान दर्ज किए गए हैं। हालांकि इस हाई प्रोफाइल मामले में रेल मंत्रालय की ओर से अपने तेवर तीखे कर लिए गए हैं। 

टिकट चैकरों ने बताया कि पंजाब मेल के एस-टू कोच में आर.पी.एफ. के कांस्टेबल की ओर से बंदूक की नोक पर जब एक लड़की से छेड़छाड़ की गई थी तो उक्त कांस्टेबल ने उनकी कोई बात नहीं मानी और उस लड़की को कांस्टेबल ने इतना परेशान किया कि लड़की को सफर बीच में ही छोडऩा पड़ा।उस लड़की को फिरोजपुर की बजाय बठिंडा में उतरना पड़ा, जबकि विरोध करने पर कांस्टेबल ने टिकट चैकिंग स्टाफ पर अपनी बंदूक तानकर उसे लोड कर लिया और टिकट चैकरों को ट्रेनों की बोगियां जोडऩे वाले शटर को गिराकर अपनी जान बचानी पड़ी थी।

क्या कहते हैं सीनियर डी.सी.एम.
इस संबंध में फिरोजपुर रेल मंडल के सीनियर डी.सी.एम. हरि मोहन कहते हैं कि चूंकि यह मामला महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा है और इसको किसी भी कीमत पर हल्केमें नहीं लिया जा सकता है, इसलिए इसको लेकर कार्रवाई होना तय है। उन्होंने साफ शब्दों में टिकट चैकरों तथा ट्रेन कैप्टन को कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई कमी न छोड़ी जाए।

क्या कहते हैं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त
इस संबंध में आर.पी.एफ. के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. सुधाकर का कहना है कि पीड़ित लड़की की शिकायत पर आरोपी कांस्टेबल मंगत सिंह को सस्पैंड कर दिया गया है और इसको लेकर अभी भी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल मंगत सिंह का मैडीकल टैस्ट नहीं किया गया।    
 

Des raj