शहर में ग्लाडा इन एक्शन मोड, इस इलाके में चल रही ताबड़तोड़ कार्रवाई

punjabkesari.in Tuesday, Sep 16, 2025 - 06:03 PM (IST)

लुधियाना (हितेश) : ग्लाडा ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32-ए स्थित अर्बन एस्टेट के पास रेहड़ी-फड़ी वालों/ठेले वालों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। यह कार्रवाई ग्लाडा और नगर निगम, लुधियाना द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए, ग्लाडा अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र में कुछ लोग लंबे समय से ग्लाडा की संपत्ति पर अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ियां लगा रहे थे। इसके अलावा वहां झुग्गियां बनाकर अवैध अतिक्रमण भी किया जा रहा था।
 
ग्लाडा के मुख्य प्रशासक द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए व्यावसायिक बाजार के आसपास रेहड़ी-फड़ी वालों और झुग्गी-झोपड़ियों  को हटाया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इन रेहड़ी-फड़ी वालों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को पहले भी कई बार रोका गया था, लेकिन ये लोग ग्लाडा के आदेशों की अनदेखी करते हुए ग्लाडा की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे रहे।

इस कार्रवाई के दौरान ग्लाडा के साथ नगर निगम, लुधियाना के अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाइयां ग्लाडा के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में रोजाना की जाएंगी ताकि निवासियों को उचित रहने का वातावरण प्रदान किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News