फतेहपुर शेखावाटी में 7 सितंबर से होगा ‘गोयनका संगम 2026’, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 10 सितंबर को होंगे मुख्य अतिथि

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 12:07 PM (IST)

जयपुर: राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में 7 से 11 सितंबर 2026 तक 'गोयनका संगम 2026' का आयोजन किया जाएगा। कोलकाता स्थित श्री शक्ति गोयनका ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में भारत और विदेशों में बसे गोयनका समुदाय के प्रमुख उद्योगपति, समाजसेवी और परिवारों सहित करीब 600 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी सुशील कुमार गोयनका ने बताया कि इस आयोजन के दौरान समुदाय के सदस्य अपने पैतृक स्थान फतेहपुर शेखावाटी पहुंचकर कुलदेवी 'दादी जी' के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक परंपराओं से जोड़ना है।

10 सितंबर को होगा पुरस्कार समारोह
संगम के चौथे दिन 10 सितंबर को व्यापार, समाज सेवा, कला, विज्ञान, खेल, शिक्षा, साहित्य और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गोयनका समुदाय के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इस पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे, जबकि शहरी विकास, आवास एवं स्थानीय निकाय (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे।

देश-विदेश के दिग्गज उद्योगपति होंगे शामिल
इस आयोजन में ज़ी समूह के चेयरमैन सुभाष चंद्रा, इमामी ग्रुप के को-चेयरमैन आर.एस. गोयनका, टैली सॉल्यूशंस के चेयरमैन भरत गोयनका, पशुपति ग्रुप के चेयरमैन विष्णु गोयनका, गोल्डन गोयनका समूह के चेयरमैन गिरधारी लाल गोयनका, गोल्डी मसाले के निदेशक आकाश गोयनका सहित भारत और विदेशों के कई प्रमुख उद्योगपति भाग लेंगे।

धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध कथावाचिका साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती तीन दिनों तक धार्मिक प्रवचन देंगी। इसके अलावा योग सत्र, परिचय सम्मेलन, प्रेरक व्याख्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 10 सितंबर की रात 'जागरण ओढ़नी उत्सव' का भी आयोजन होगा।

31 जुलाई तक कर सकते हैं नामांकन
ट्रस्ट की अवॉर्ड समिति के चेयरमैन अरुण गोयनका ने बताया कि पुरस्कारों के लिए योग्य व्यक्तियों के नामांकन 31 जुलाई 2026 तक ट्रस्ट की वेबसाइट पर भेजे जा सकते हैं। विजेताओं की घोषणा सितंबर के पहले सप्ताह में की जाएगी। चयन तीन सदस्यीय ज्यूरी द्वारा किया जाएगा। श्री शक्ति गोयनका ट्रस्ट ने इन वार्षिक पुरस्कारों की शुरुआत वर्ष 2019 में की थी। ट्रस्ट का उद्देश्य गोयनका समुदाय के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News