पंजाब में बिजली संकट पर सरकार का बड़ा फैसला, आम लोगों को मिलेगी बिजली

punjabkesari.in Friday, Jul 02, 2021 - 11:34 AM (IST)

खन्ना(शाही, कमल): पंजाब में बिजली संकट की मार उद्योगों पर पड़ी है। आज पंजाब के केन्द्रीय जोन लुधियाना जिसमें लुधियाना, मंडी गोबिंदगढ़ खन्ना आदि क्षेत्र पड़ते हैं, में उद्योगों को 48 घंटे और उत्तर जोन जालंधर जिसमें जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला आदि क्षेत्र पड़ते हैं, में उद्योगों को पहले 12 घंटे के लिए बंद करने का नोटिस जारी किया था।

उसके बाद एक अन्य आदेश जारी करते हुए दोनों जोनों में 2 जुलाई सुबह 8 बजे से 4 जुलाई सुबह 8 बजे तक फिर 24 घंटे के लिए दोनों जोनों में उद्योग बंद करने के आदेश जारी कर दिए। आज पहली बार हुआ कि उद्योगों को केवल 2 घंटे पहले नोटिस देकर बाद दोपहर 2 बजे से तुरंत उद्योग बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए। इसकी सबसे ज्यादा मार रोलिंग मिलों पर पड़ी क्योंकि रोलिंग मिलों की भट्ठियों में कई घंटे का लोहा गर्म कर रख लिया जाता है। एकदम बंद करने से करोड़ों रुपए का खपत किया गया तेल, गैस और कोयला व्यर्थ चला गया।

ऑल इंडिया स्टील री रोलर्ज एसोसिएशन के प्रधान विनोद ने कहा कि एक और रोलिंग मिलों का इंधन व्यर्थ जाने से करोड़ों का नुक्सान हुआ दूसरी ओर लोहे को फिर से गर्म करने से वातावरण में प्रदूषण बढ़ेगा। पावरकॉम को कम-से-कम 8 घंटे पहले नोटिस देना चाहिए था। पावर रेगुलेशन पावरकॉम अधिकारी ने बताया कि राज्य में बारिश कम होने व अत्यधिक गर्मी के चलते पहले ही बिजली की मांग अधिक चल रही थी लेकिन आज गोइंदवाल पावर प्लांट का एक यूनिट बंद हो गया जिससे तुरंत उद्योगों को बंद करने के आदेश जारी करने पड़े। जैसे ही बारिश शुरू होती है तो उद्योगों को आगे बिना किसी विघ्न के चलने दिया जाएगा।

Content Writer

Vatika