गुरदासपुर में SIR ड्यूटी से परेशान सरकारी टीचर ने नहर में लगाई छलांग, गोताखोर कर रहे तलाश

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 04:32 PM (IST)

गुरदासपुर/काहनूवान(हरजिंदर सिंह गोराया):  जिले के काहनूवान क्षेत्र में एक सरकारी शिक्षक द्वारा नहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए तथा शिक्षक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।

भट्टियां गांव के पास नहर पर लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह, निवासी गांव सल्लोपुर, सरकारी प्राइमरी स्कूल भैणी मियां खां में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। सोमवार सुबह स्कूल जाने के दौरान उन्होंने सभराओ ब्रांच नहर के भट्टियां पुल के पास अपनी कार खड़ी की और कथित तौर पर नहर में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि छलांग लगाने से पहले गुरप्रीत सिंह ने अपने साथी शिक्षक गुरप्रताप सिंह को फोन किया। साथी शिक्षक गुरप्रताप सिंह और गांव के सरपंच कौशल सिंह के अनुसार, गुरप्रीत ने फोन पर बताया था कि वह भट्टियां गांव के पास नहर किनारे खड़े हैं और उनकी कार वहीं खड़ी है, जिसमें उनका सारा सामान रखा हुआ है।

SIR ड्यूटी को लेकर परेशान था टीचर
उन्होंने यह भी बताया कि बातचीत के दौरान गुरप्रीत सिंह ने SIR ड्यूटी को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की थी। उनका कहना था कि वह इस कार्य के दबाव से काफी परेशान हैं और निर्धारित समय में इसे पूरा नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम नहर में शिक्षक की तलाश में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News