हरिद्वार हादसे के बाद राज्यपाल कटारिया पहुंचे पीड़ित परिवारों के घर, ₹5 लाख सहायता की घोषणा

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 08:59 PM (IST)

जालंधर / चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने रविवार को हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा नदी की तेज धारा में बह जाने से जान गंवाने वाले चंडीगढ़ के चार नाबालिग बच्चों के प्रत्येक शोकाकुल परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।

PunjabKesari

राज्यपाल एवं प्रशासक ने आज सायंकाल शोकाकुल परिवारों से उनके निवास स्थान पर जाकर मुलाकात की तथा इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। परिवार के सदस्यों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में चंडीगढ़ प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।

इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कटारिया ने कहा कि चार मासूम बच्चों का असमय निधन न केवल उनके परिवारों के लिए, बल्कि पूरे शहर के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंध रखते थे, जिनमें से कुछ परिवार अत्यंत कठिन आर्थिक परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

PunjabKesari

राज्यपाल के विवेकाधीन कोष से राहत राशि की घोषणा करते हुए कटारिया ने कहा कि प्रभावित चारों परिवारों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की क्षति की भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से संभव नहीं है, किंतु यह सहायता इस कठिन समय में परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से दी जा रही है।

कटारिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से उन्हें आवश्यक सहयोग बिना किसी विलंब के प्राप्त हो।

PunjabKesari

राज्यपाल एवं प्रशासक ने एक बार फिर शोकाकुल परिवारों को आश्वस्त किया कि इस दुख की घड़ी में चंडीगढ़ प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहायता और सहयोग प्रदान किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News