राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने फाजिल्का में फहराया तिरंगा, गूंजा तालियों का शोर

punjabkesari.in Monday, Jan 26, 2026 - 05:42 PM (IST)

फाजिल्का (कृष्ण): भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज सीमावर्ती जिला फाजिल्का में राज्य स्तरीय समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की। देशभक्ति के जज्बे से भरपूर इस समारोह के दौरान उन्होंने सभी देशवासियों, विशेषकर पंजाबियों को बधाई दी।

राज्यपाल ने भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि उनके विजन की बदौलत ही भारत एक प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ है।अपने संबोधन में राज्यपाल ने गुरुओं, पीरों और योद्धाओं की इस पवित्र धरती को नमन किया। उन्होंने शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को याद किया।

उन्होंने विशेष रूप से आसफवाला युद्ध स्मारक का दौरा किया और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के 232 शहीदों को श्रद्धा के फूल अर्पित किए। उन्होंने कहा कि यह स्थान देश की रक्षा के लिए दी गई अद्वितीय कुर्बानियों का प्रतीक है।

राज्यपाल ने फाजिल्का के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि इस धरती ने अनेक वीरता की गाथाएं देखी हैं। उन्होंने फाजिल्का के समृद्ध इतिहास, कृषि (गेहूं, कपास, कीनू) और यहां के प्रसिद्ध 'तोशा' मिठाइयों का उल्लेख किया। उन्होंने गर्व से कहा कि यह धरती झूमर नृत्य की जननी है और यहां के होनहार सपूत जैसे क्रिकेट कप्तान शुभमन गिल और निशानेबाज अर्जुन बबूता ने विश्व स्तर पर नाम रोशन किया है। राज्यपाल ने हाल ही में पद्म पुरस्कारों के लिए चुनी गईं पंजाब की पांच शख्सियतों धर्मेंदर (पद्म विभूषण), संत निरंजन दास (पद्म श्री), सेवामुक्त डी.आई.जी. इंदरजीत सिंह (पद्म श्री), कोच बलदेव सिंह (पद्म श्री), हरमनप्रीत कौर (पद्म श्री) को बधाई दी।

समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गतका और योग के प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर राज्यपाल द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया गया और जरूरतमंदों को सिलाई मशीनें तथा तिपहिया साइकिलें भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर सांसद शेर सिंह घुबाया, विधायक नरेंद्र पाल सावना, जगदीप कंबोज गोल्डी, अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, डी.जी.पी. गौरव यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News