दादा ने 11 वर्षीय पोती को बनाया हवस का शिकार

punjabkesari.in Thursday, Mar 29, 2018 - 11:43 AM (IST)

अबोहर (रहेजा): उपमंडल के गांव किल्लियांवाली निवासी दम्पति ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उनकी साढ़े 11 वर्षीय पुत्री से पिछले एक वर्ष में 4-5 बार दुष्कर्म करने के कथित आरोप लगाए हैं। दम्पति के अनुसार सारे मामले का शिकायत पत्र थाना खुइयां सरवर पुलिस को दे दिया गया है, लेकिन पुलिस ने एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। दम्पति इंसाफ प्राप्त करने के लिए थाने सहित एस.डी.एम. दफ्तर के चक्कर काट रहा है, जिससे पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहा है। 

शिकायतकत्र्ता ने बताया कि वह गांव के नजदीक बनी ढाणी में अपने परिवार सहित रहता है। दिहाड़ी-मजदूरी करने के लिए वह पत्नी सहित अपने गांव से आ जाता था। मौका पाकर पड़ोस में रहने वाले उसके रिश्तेदार ने उसकी साढ़े 11 वर्षीय पुत्री को हवस का शिकार बना डाला। कथित आरोपी रिश्तेदारी में पीड़िता का दादा लगता है। पीड़िता ने अपने माता-पिता को बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान उसके दादा ने उसे4-5 बार अपनी हवस का शिकार बनाया है। सारे मामले का भेद उस समय खुला जब पीड़िता डरी-सहमी रहने लगी। माता-पिता ने जब बच्ची से पूछा तो उसने बताया कि उसके दादा ने उसके साथ घिनौनी हरकत की है तथा किसी को भी बताने पर परिवार सहित जान से मार देने की धमकी दी है। 

मामला उजागर होने पर पीड़िता की मां कथित आरोपी के घर भी गई, जिस पर आरोपी ने उसे रुपयों का लालच देते हुए राजीनामा करने का दबाव भी बनाया, लेकिन उन्होंने सभी दबावों को दरकिनार करते हुए पूरी जांच-पड़ताल के पश्चात 21 मार्च को थाना खुइयां सरवर में शिकायत दे दी। महिला ने हैरानी जताते हुए कहा कि जहां कई राज्यों में 12 वर्ष से कम उम्र की किशोरियों से दुष्कर्म करने वालों को फांसी की सजा देने का कानून बनाया गया है, वहीं पंजाब में 8 दिन बीत जाने के बावजूद भी पुलिस अधिकारी कथित आरोपी की भाषा बोल रहे हैं तथा कार्रवाई करने के स्थान पर राजीनामा करने की बात कह रहे हैं। 

क्या कहना है डी.एस.पी. का 
इस संबंध में डी.एस.पी. अबोहर अमरजीत सिंह संघा तथा थाना खुइयां सरवर प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे किसी केस के सिलसिले में हाईकोर्ट आए हुए हैं। केस की जांच-पड़ताल चल रही है तथा कल आकर वह लड़की का मैडीकल करवाएंगे। अगर मैडीकल में आरोप सिद्ध हुए तो कानून अनुसार कार्रवाई की जाएगी। 

क्या कहना एस.डी.एम. का 
एस.डी.एम. पूनम सिंह ने पीड़ितों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले की जांच करवाकर उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। 


 

Punjab Kesari