सज धज कर दुल्हन करती रही इंतजार, इस वजह से दूल्हा लेकर नहीं पहुंचा बारात

punjabkesari.in Saturday, Apr 01, 2023 - 10:11 AM (IST)

तरनतारन (रमन): बेटी की शादी को लेकर मायके वालों द्वारा सभी तैयारियां मुकम्मल करते हुए बारात का इंतजार किया जा रहा था। यह इंतजार परेशानी में तब बदल गया जब दूल्हा बारात लेकर पैलेस में नहीं पहुंचा। इसका कारण यह था कि दूल्हे के परिजनों द्वारा दहेज में गाड़ी की मांग की जा रही थी, जो पूरी नहीं हो सकी। आखिर लड़की के परिजनों द्वारा किसान संघर्ष समिति के साथ मिलकर थाना सिटी तरनतारन का घेराव करते हुए धरना दिया गया। 

इंसाफ की मांग करते हुए धरनाकारियों ने जमकर नारेबाजी की। थाना सिटी तरनतारन की पुलिस ने दूल्हे सहित ससुराल वालों के 4 लोगों पर केस दर्ज कर लड़की के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। लखबीर सिंह पुत्र बेअंत सिंह निवासी गोहलवड़ ने बताया कि उसकी बेटी पुनीत की शादी अंग्रेज सिंह पुत्र अरसाल सिंह निवासी पलासौर के साथ तय हुई थी। 27 मार्च को शगुन समारोह था। तब बेटी के ससुराल वालों ने दहेज में गाड़ी की मांग की। यह मांग हम पूरी नहीं कर सके। 

इससे निराश दूल्हा व उसके परिजन बारात लेकर पैलेस में ही नहीं पहुंचे, जबकि शादी को लेकर सभी इंतजाम हो चुके थे। बारात के लिए एस.आर. रिजोर्ट बुक करवाया गया था। तब किसान संघर्ष समिति की मदद लेते हुए इंसाफ के लिए पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। ए.एस.आई. दिलबाग सिंह ने कहा कि लड़की के पिता के बयानों पर दूल्हे अंग्रेज सिंह, उसके पिता अरसाल सिंह, सुखवंत कौर पत्नी अरसाल सिंह व अमनदीप कौर सभी निवासी पलासौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर दूल्हे के पिता अरसाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

Content Writer

Vatika