GST इंटेलिजेंस ने 450 करोड़ की बोगस बिलिंग करने वाला मास्टर माइंड किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Feb 13, 2021 - 06:36 PM (IST)

लुधियाना (धीमान): डायरैक्टोरेट जनरल आफ जी.एस.टी. इंटेलिजेंस के लुधियाना विंग ने 450 करोड़ रुपए की बोगस बिलिंग का मामला पकड़ा है। इतनी भारी भरकम बोगस बिलिंग करने वाले मास्टरमाइंड को फिलहाल जी.एस.टी. इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने मंडी गोबिंदगढ़ के अमलोह रोड से गिरफ्तार कर उसे लुधियाना अदालत में पेश किया, जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मंडी गोबिंदगढ़ के जीवन नामक व्यक्ति जो मौजूदा समय में शिवा ट्रेडर्स के नाम से फर्म चला रहा था। उसकी गुप्त जानकारी के आधार पर जांच की गई तो अधिकारियों को उसके द्वारा चलाई जानी वाली 15 फर्में ऐसी मिली जिनके जरिए उसने 450 करोड़ रुपए की बोगल बिलिंग की। यह बिलिंग बिना किसी माल के लेन-देन के हुई बताई जा रही है। पता चला है कि यह व्यक्ति 1 से 3 प्रतिशत की कमीशन लेकर बाजार में बिल बेचता था। इन बिलों पर उसने 77 करोड़ रुपए का इनपुट टैक्स क्रैडिट भी कलेम कर लिया है। ये फर्में दिल्ली, हरियाण और पंजाब के पते पर चलाई जा रही थीं। इनके बैंक अकाऊंट भी खन्ना व मंडी गोबिंदगढ़ के विभिन्न बैंकों की शाखाओं से आप्ररेट हो रहे थे। छापे के दौरान जी.एस.टी. इंटेलिजेंस के अधिकारियों के हाथ काफी सारी पैन ड्राइव, मोबाइल और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनसे साफ पता चलता है कि उक्त आरोपी ने किस तरह करोड़ो रुपए की जाली बिलिंग की। फिलहाल अधिकारियों ने उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया।

जी.एस.टी. इंटेलिजेंस के अधिकारी अब पता लगाने में जुट गए हैं कि उक्त आरोपी से किस कंपनियों ने बिल खरीदे हैं। उन पर धरपकड़ करने के लिए भी अधिकारियों ने कमर कस ली है। सूत्र बताते है कि अधिकतर बिलिंग मंडी गोबिंदगढ़ की फर्नेस इकाईयों को की गई है।

Content Writer

Mohit