कांग्रेस की मदद के लिए नया मोर्चा बना रहे हैं शिअद से निष्कासित नेता : रणीके

punjabkesari.in Monday, Dec 03, 2018 - 10:32 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): शिरोमणि अकाली दल ने कहा है कि पार्टी से निकाले नेता कांग्रेस पार्टी के हाथों में खेल रहे हैं। वे शिअद और सिख पंथ को कमजोर करने के लिए कांग्रेस के इशारे पर नया फ्रंट बना रहे हैं।

यहां जारी प्रैस बयान में शिअद के वरिष्ठ नेता गुलजार सिंह रणीके ने कहा कि पार्टी से निकाले नेताओं रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा, सेवा सिंह सेखवां और रतन सिंह अजनाला के सुखपाल खैहरा तक पहुंच करने के ताजा ऐलान ने साबित कर दिया है कि तीनों की ओर से बनाया जा रहा नया मोर्चा कांग्रेस मोर्चा ही होगा। खैहरा खुद कांग्रेसी मोहरा है, उससे हाथ मिलाकर निष्कासित नेताओं ने साबित कर दिया है कि वे कांग्रेस के मोहरे हैं, जो हमेशा वही करने के लिए तैयार रहते हैं, जो राजनीतिक मुखिया हुक्म करते हैं।

रणीके ने कहा कि निष्कासित अकाली नेता खुद को बहुत बड़े पंथक नेता कहते थे, पर कोई पंथक नेता खैहरा जैसों से कैसे हाथ मिला सकता है। खैहरा ने अपने राजनीतिक जीवन के 22 में से 19 वर्ष इंदिरा कांग्रेस में बिताए हैं। दरबार साहिब पर हमले का भी समर्थन किया था और कभी भी 1984 सिख कत्लेआम के लिए जिम्मेदार दिल्ली के जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग नहीं की।

 

swetha