16 साल की लड़की ने मरवा डाला आशिक! बोली-"सिर्फ हाथ-पैर तोड़ने के दिए थे पैसे"

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 12:35 PM (IST)

पंजाब डेस्क: गुरदासपुर में तजिंदर सिंह की मौत के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। इस मामले में पुलिस ने तजिंदर की 16 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, युवती पर आरोप है कि उसने तजिंदर की पिटाई करवाने के लिए कुछ युवकों को पैसे दिए थे।

3 दिन के पुलिस रिमांड पर नाबालिग
पुलिस ने नाबालिग को गुरदासपुर की अदालत में पेश किया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए रिमांड की मांग की थी, जिसे अदालत ने मंजूर करते हुए 3 दिन का पुलिस रिमांड दिया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान हमले से पहले और बाद की घटनाओं, आरोपियों से संपर्क और पूरी साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि तजिंदर पर हमला करने वाले युवक कौन थे, नाबालिग का उनसे किस तरह संपर्क हुआ और घटना से पहले तथा बाद में किन लोगों से बातचीत हुई। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।

मां ने पहले ही बेटे को किया था सावधान
मृतक की पहचान खोखरा गांव निवासी तजिंदर सिंह के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों के मुताबिक, तजिंदर और नाबालिग लड़की की जान-पहचान 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच रिश्ता बन गया।तजिंदर की मां का कहना है कि 3 साल पहले दोनों की दोस्ती प्यार में बदली थी।  जब उन्हें दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला तो उन्होंने अपने बेटे को लड़की से दूरी बनाने की सलाह दी थी। परिवार का दावा है कि करीब 3 महीने पहले तजिंदर को पता चला कि लड़की कुछ अन्य युवकों के संपर्क में भी थी। इसके बाद उसने लड़की से दूरी बनानी शुरू कर दी थी।

बहन का आरोप- मिलने के बहाने बुलाया
तजिंदर की बहन ने आरोप लगाया कि नाबालिग लड़की ने भूसा गांव में कुछ युवकों को इकट्ठा किया और तजिंदर को मिलने के लिए बुलाया। परिजनों के अनुसार, 18 सितंबर की शाम तजिंदर वहां पहुंचा, जिसके बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। हमले में तजिंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हमला करने वाले युवक मौके से फरार हो गए थे।

रिश्ता खत्म करने को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, तजिंदर को कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड के अन्य युवकों के साथ संपर्क में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह रिश्ता खत्म करना चाहता था और उससे दूरी बनाने लगा था आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर नाबालिग ने तजिंदर को मिलने के लिए बुलाया और कुछ युवकों को भी वहां बुला लिया। हालांकि, घटना से जुड़े सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और मामले की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

नाबालिग ने पूछताछ में क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर कहा कि उसने युवकों को तजिंदर के हाथ-पैर तोड़ने के लिए पैसे दिए थे, उसे जान से मारने के लिए नहीं। गुरदासपुर के SP ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस नाबालिग से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अब हमले की पूरी कड़ी, नाबालिग और अन्य युवकों के बीच संपर्क तथा घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News