गुरदासपुर में दर्दनाक हादसा, टिप्पर की चपेट में आए बाइक सवार युवक की मौ+त
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 12:27 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): पुलिस थाना दीनानगर के अंतर्गत बहिरामपुर रोड पर आहलूवाल चौक के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेत से भरे टिप्पर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल कुमार पुत्र सुरिंदर कुमार निवासी हल्ला चहिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार की कुछ समय पहले ही बमियाल स्थित डाकघर में नौकरी लगी थी। वह रोजाना की तरह आज सुबह मोटरसाइकिल पर अपने गांव हल्ला चहिया से ड्यूटी के लिए बमियाल जा रहा था। जब वह बहिरामपुर रोड पर आहलूवाल चौक के पास पहुंचा तो दीनानगर की तरफ से आ रहे रेत से भरे टिप्पर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि राहुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही दीनानगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और टिप्पर चालक के संबंध में जांच की जा रही है। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

