नशे के खिलाफ एक्शन मोड में गुरदासपुर के केमिस्ट, बिना पर्ची के दवाइयां न देने की अपील

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 04:46 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ चलाई जा रही जागरूकता अभियान को और प्रभावशाली बनाने के लिए गुरदासपुर के सभी केमिस्टों की एक अहम मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग की अध्यक्षता केमिस्ट एसोसिएशन के सिटी प्रधान दर्शन शर्मा ने की, जबकि जिला प्रधान सतीश कपूर और चेयरमैन दिनेश महाजन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर सिटी के कार्यकारी प्रधान रजवंत बावा भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर सिटी प्रधान दर्शन शर्मा ने कहा कि नशों की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रहे अभियान में केमिस्टोँ की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी केमिस्टों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन और सरकार को पूरा सहयोग देना चाहिए। उन्होंने सभी दवा विक्रेताओं से अपील की कि दवाइयों की खरीद और बिक्री निर्धारित कानूनी नियमों के अनुसार बिलों के माध्यम से ही की जाए तथा दवाइयों के दुरुपयोग को रोकने के लिए पूरी सावधानी बरती जाए। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से सभी केमिस्टों को ड्रग एक्ट और अन्य संबंधित नियमों का पालन करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दुरुपयोग की आशंका वाली दवाइयां डॉक्टर की वैध पर्ची के बिना नहीं दी जानी चाहिए। यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता है या गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो एसोसिएशन उसका साथ नहीं देगी और न ही उसकी किसी प्रकार की मदद करेगी। उन्होंने कहा कि सभी केमिस्टों को अपना कारोबार ईमानदारी और कानून के अनुसार चलाना चाहिए।

मीटिंग के दौरान मुख्य अतिथियों ने भी केमिस्टों से सरकार की नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने सभी केमिस्टों को नशों की रोकथाम तथा युवा पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करने का आह्वान किया। मीटिंग में कार्यकारी प्रधान रजवंत बावा ने उपस्थित सभी केमिस्टों से अपील की कि वे अपना कारोबार पूरी ईमानदारी और कानूनी नियमों के अनुसार चलाएं, ताकि नशों की रोकथाम में सामूहिक योगदान दिया जा सके और युवा पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाई जा सके। इस अवसर पर सिटी गुरदासपुर के सभी केमिस्ट उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News