Punjab: पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, तेजधार हथियारों से हमला कर युवक पर उतारा मौ/त के घाट
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 03:24 PM (IST)
फतेहगढ़ चूड़ियां/गुरदासपुर (हरजिंदर गोराया): फतेहगढ़ चूड़ियां के पास गांव पराचा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक की अमृतसर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बिक्रम सिंह के रूप में हुई है। इस घटना में गांव के कांग्रेस सरपंच राजकरण सिंह और उसके साथियों पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मृतक के भाई जगरूप सिंह ने बताया कि उसके परिवार की गांव के सरपंच से पुरानी रंजिश थी। कल शाम उसका भाई बिक्रम सिंह उर्फ बिंकू किसी काम से फतेहगढ़ चूड़ियां गया था। जब वह गांव लौट रहा था तो गांव के चौराहे पर सरपंच राजकरण सिंह और उसके साथी पहले से ही उसका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही बिक्रम वहां पहुंचा, आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिक्रम को उसके परिवार वालों ने इलाज के लिए अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जगरूप सिंह ने आरोप लगाया कि सरपंच और उसके साथी कई दिनों से उसके भाई पर हमला करने की योजना बना रहे थे। परिवार ने इस संबंध में मालेवाल पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। इस बीच, मालेवाल पुलिस चौकी के इंचार्ज नंद लाल भट्टी ने कहा कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। परिवार का बयान दर्ज किया जाएगा और तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

