मातम में बदली शादी की खुशियां! कुछ महीने पहले पिता को खोया, अब इकलौते बेटे की भी मौ/त
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 01:07 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): दशहरे के दिन गांव ठुंडी के पास ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब कॉरिडोर रोड पर हुए एक भयानक सड़क हादसे में 20 साल के युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सबसे दुखद बात यह है कि मृतक अपनी बड़ी बहन की अगले महीने होने वाली शादी के कार्ड बांटने अपनी मौसी के घर आया था।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक बहरामपुर के गांव भरथ का रहने वाला था। वह अपनी मौसी को गांव ठुंडी छोड़ने और बड़ी बहन की शादी का कार्ड देने आया था। सुबह जब वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तो थुंडी-ताजपुर रोड पर एक तीखे मोड़ के पास उसे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिरा और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की भयावहता ने सभी को हिलाकर रख दिया।
परिवार वालों के मुताबिक, मृतक 2 बहनों का इकलौता भाई था और उसकी बड़ी बहन की अगले महीने शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार खुशियों की उम्मीद कर रहा था, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। कुछ महीने पहले पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। अब परिवार के इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को बुरी तरह तोड़ दिया है। जिस भाई को अपनी बहन की शादी में खुशियां बांटनी थीं, वह शादी से पहले ही इस दुनिया को अलविदा कह गया। इस दुखद हादसे के बाद गांव और इलाके में मातम का माहौल है। लोग तेज रफ्तार गाड़ियों पर कंट्रोल करने और सड़कों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दे रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

