Gurdaspur Shootout: एक और आरोपी नामजद, तीनों को भेजा रिमांड पर
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 07:36 PM (IST)
गुरदासपुर, (हरजिंदर गोराया, हरमन): विधानसभा हलका दीनानगर के अंतर्गत आने वाले गांव आदियां में 21-22 फरवरी की रात पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने गांव आदियां के इंद्रजीत सिंह और रणजीत सिंह तथा नजदीकी गांव आली नंगल के दिलावर सिंह को इस मामले में आरोपी माना था। इस दौरान रणजीत सिंह का पुलिस के साथ मुठभेड़ में एनकाउंटर कर दिया गया, जबकि दिलावर सिंह पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में था और इंद्रजीत सिंह को भी पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार करने का दावा किया था। इसी बीच पुलिस ने इंद्रजीत सिंह के भाई को भी इस मामले में नामजद कर लिया है।
अदालत ने तीनों आरोपियों को छह-छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दिलावर सिंह और अमृतसर से गिरफ्तार किया गया इंदरजीत सिंह पहले से ही पुलिस रिमांड पर चल रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए इंदरजीत सिंह के भाई स्वर्ण सिंह को भी इस मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आज तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां सरकारी वकील ने कम से कम 10 दिन का पुलिस रिमांड मांगा था, लेकिन अदालत ने तीनों को छह-छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि पुलिस इस मामले में और क्या खुलासे करती है। उधर, रणजीत सिंह की माता सुखजिंदर कौर ने अपने बेटे के एनकाउंटर को लेकर माननीय हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसकी आज सुनवाई हुई। इस दौरान हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है।

