तेज तूफान से गुरदासपुर-बहरामपुर रोड पर मची तबाही, कई पेड़ गिरे

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 10:01 AM (IST)

गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया, हरमन): बीती देर रात आए तेज तूफान ने गुरदासपुर इलाके में जनजीवन प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण गुरदासपुर से बहरामपुर जाने वाली सड़क पर कई जगह बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गए। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। तूफान के कारण सड़क किनारे खड़े कई पेड़ों की शाखाएं भी टूटकर सड़क पर बिखर गईं। रात के समय वाहन चालकों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिजली के खंभे भी हुए क्षतिग्रस्त
तेज तूफान की चपेट में आने से कई बिजली के खंभों और बिजली सप्लाई से जुड़े ढांचे को भी नुकसान पहुंचा। इसके चलते इलाके के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। तूफान के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए काम शुरू किया।

प्रशासन से पेड़ हटाने की मांग
सुबह सड़क पर गिरे पेड़ों और टहनियों के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की कि सड़क से गिरे पेड़ों व टहनियों को जल्द हटाया जाए और क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति सुचारू की जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News