पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री को पुलिस ने किया डिटेन, पढ़ें क्या हैं पूरा मामला

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 03:14 PM (IST)

खन्ना: खन्ना में आज ब्लॉक समिति चेयरमैन और उप-चेयरमैन के चुनाव के विरोध में बीडीपीओ कार्यालय को ताला लगाने जा रहे पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली और उनके कई समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस पार्टी की ओर से पहले ही इस संबंध में प्रदर्शन का ऐलान किया गया था, जिसके चलते शहर में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर था।

जानकारी के अनुसार समराला चौक में गुरकीरत सिंह कोटली के नेतृत्व में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। यहां कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ब्लॉक समिति चुनाव को गैर-लोकतांत्रिक बताया। इसके बाद जैसे ही प्रदर्शनकारी बीडीपीओ कार्यालय की ओर ताला लगाने के लिए बढ़े, पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पुलिस ने सबसे पहले पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली को हिरासत में लिया और उसके बाद करीब 40 से 50 कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी काबू कर लिया। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को दो बसों में बैठाकर पुलिस अपने साथ ले गई, जिससे बीडीपीओ कार्यालय को ताला लगाने की कोशिश नाकाम हो गई।

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रण में रखा गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। हिरासत में लिए जाने से पहले गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा कि वह किसी भी दबाव या कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और पार्टी की ओर से लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने ब्लॉक समिति चुनाव के दौरान लोकतंत्र का गला घोंटा है, जिसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News