गुरु नानक देव अस्पताल में अब होगा गंभीर बीमारियों का इलाज, सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू करने की तैयारी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 11:40 AM (IST)
अमृतसर (दलजीत): सरकारी मेडिकल कॉलेज के अधीन चल रहे गुरु नानक देव अस्पताल में अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इन सेवाओं को शुरू करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की अस्थाई रूप से तैनाती करने की योजना तैयार की गई है, जो अब अंतिम चरण में बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से उम्मीद जताई गई है कि यदि योजना तय समय के अनुसार अमल में आती है, तो लगभग एक माह के भीतर मरीजों को इन सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो सकता है।
सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू होने से अमृतसर के अलावा तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट और पंजाब के अन्य जिलों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को लाभ मिल सकता है। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों, विशेषकर हिमाचल प्रदेश से आने वाले मरीजों को भी इन सुविधाओं का फायदा मिलने की उम्मीद है। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों के अस्पतालों की ओर जाने की जरूरत भी कम हो सकती है।
अस्पताल में इन बीमारियों का होगा इलाज
-किडनी ट्रांसप्लांट
-पेट की गंभीर सर्जरीज
-दिल से जुड़ी बीमारियां
-यूरोलॉजी
-प्लास्टिक सर्जरी
-कैंसर सर्जरी सहित कई अन्य महत्वपूर्ण इलाज
सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मिलेगा इलाज
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना और अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत योग्य लाभार्थियों को नियमानुसार इलाज और आप्रेशन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को खास राहत मिल सकती है क्योंकि सुपर स्पेशलिटी इलाज आमतौर पर महंगा होने के कारण कई मरीजों को निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की ली जाएंगी सेवाएं
सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसीपल-डायरेक्टर डा. राजीव देवगन ने बताया कि गुरु नानक देव अस्पताल में जल्द ही सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू करने के लिए कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की अस्थाई तैनाती से संबंधित योजना अंतिम चरण में है और उम्मीद है कि करीब एक माह के भीतर मरीजों को इन सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। डॉ. देवगन ने कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट सहित अन्य महत्वपूर्ण सुपर स्पेशलिटी इलाज सुविधाएं मुहैया करवाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके साथ ही यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी और कैंसर से जुड़ी बड़ी सर्जरीज की सेवाओं को भी मजबूत करने की योजना है। जरूरत के मुताबिक संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
अमृतसर के अलावा आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी मरीज ओ.पी.डी. और अन्य इलाज सेवाएं लेने के लिए यहां आते हैं। ऐसे में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का विस्तार मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित हो सकता है। डा. राजीव देवगन ने कहा कि अस्पताल के डॉक्टर और समूह स्टाफ मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया करवाने के लिए पूरी लगन से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के विस्तार से अस्पताल की इलाज सुविधाएं और मजबूत होंगी तथा मरीजों को एक ही छत के नीचे कई गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

